सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा बैठक में 13 प्रमुख कार्यों की प्रगति पर मंथन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्र निर्माण के विजन को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर : प्रभाकर मिश्र

आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ से लेकर रामलीला मैदान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तक होंगे कई कार्यक्रम

अहिरौली स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में रविवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संचालित 13 प्रमुख सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान से जुड़े संयोजक एवं सह-संयोजकों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश मंत्री प्रभाकर मिश्र मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभाकर मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से राष्ट्र के सर्वांगीण विकास और सशक्त भारत के निर्माण के विजन को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सेवा और विकास के विजन को आम लोगों तक पहुंचाना तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समाज में नई ऊर्जा और उत्साह पैदा करना है।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का मिलन’

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28, 29, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को बच्चों के साथ रचनात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस कार्यक्रम के जरिए बच्चों के साथ संवाद, सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

रामलीला मैदान में जुटेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’

अभियान का प्रमुख आकर्षण ‘सेवा ज्योति यात्रा’ होगी। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन के अनुसार इस यात्रा के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आमजन एवं भाजपा कार्यकर्ता बक्सर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जुटेंगे, जहां विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बिहारभर में चल रहे इस अभियान के तहत बक्सर शहर के एक प्रमुख चौराहे पर ‘सेवा ज्योति’ स्थापित की जाएगी, जो निरंतर प्रज्वलित रहेगी। इस स्थल का नामकरण ‘ज्योति चौक’ किए जाने की भी योजना है।

बैठक में पार्टी के पदाधिकारी, अभियान के संयोजक, सह-संयोजक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।