मानगो गुरुनानक स्कूल परिसर में देशभक्ति की कविताओं से गूंजा सभागार, कवियों का हुआ सम्मान
देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना पर सजी काव्य संध्या, ओजस्वी प्रस्तुतियों पर तालियों से गूंजता रहा हॉल
मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा संचालित श्री गुरु नानक मिडिल एवं हाई स्कूल परिसर में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना विषय पर आधारित कवि सम्मेलन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, सामाजिक चेतना और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कविताओं ने माहौल को भावपूर्ण बना दिया।
कवि सम्मेलन का संचालन राष्ट्रीय स्तर के ओजस्वी कवि चंदन प्रजापति ने किया। वाराणसी से पहुंचीं युवा कवयित्री अंजलि सारस्वत, गढ़वा के कवि अशोक दुबे, जमशेदपुर की अंतरराष्ट्रीय कवयित्री अंकिता सिन्हा और युवा कवयित्री पूनम महानंदा सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाओं की शानदार प्रस्तुति दी। कवियों की प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार लगातार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
अतिथियों का सम्मान, कवियों को शॉल-मोमेंटो
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, विशिष्ट अतिथि पूर्व आईएएस पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं सभी पांचों कवियों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
एकता की अपील, नशे के खिलाफ आंदोलन का संदेश
अपने संबोधन में प्रधान भगवान सिंह ने बच्चों से देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल कवियों एवं कवयित्रियों के प्रति आभार जताया।
विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार सिंह ने नशे के खिलाफ भविष्य में जनआंदोलन चलाने की बात कही और लोगों से इसमें सहयोग करने की अपील की। वहीं कार्यक्रम का संचालन करते हुए सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने कमेटी की ओर से जनहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के अंत में मानगो गुरुद्वारा के महासचिव जसवंत सिंह जसु एवं स्कूल के सचिव संतोष सिंह तोकी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।





