घाटशिला, संवाददाता....... राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति की भावना और राष्ट्रीय एकता के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों को राष्ट्रीय तिरंगा सौंपा।
इस अवसर पर मुसाबनी मंडल अध्यक्ष जयंत घोष, घाटशिला मंडल अध्यक्ष विजय पांडे, जादूगोड़ा मंडल अध्यक्ष तनुश्री नंदा, धालभूमगढ़ मंडल अध्यक्ष काकुली सिंह, सत्यनारायण पुष्टि, नीमा रजक तथा गुलीढी मंडल अध्यक्ष अमरजीत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन ने कहा कि तिरंगा महज तीन रंगों से बना राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। इसके प्रत्येक रंग और अशोक चक्र में देश के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा निहित है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान को सदैव बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति किसी एक दिन या विशेष अवसर तक सीमित नहीं होनी चाहिए। यह हमारे दैनिक जीवन, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का हिस्सा बननी चाहिए।
डॉ. सोरेन ने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा, सहयोग और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय तिरंगा प्राप्त करने के बाद सभी मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज की आन, बान और शान को सदैव ऊंचा रखने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है। यह देश के वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और उन सभी महान व्यक्तित्वों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंडल स्तर पर राष्ट्रीय तिरंगा सौंपने की यह पहल कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी तथा राष्ट्रहित में सेवा एवं समर्पण के साथ कार्य करने की नई प्रेरणा देगी।





