ब्रेकिंग न्यूज़
घाटशिला स्टेशन पर गीतांजलि और आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव शुरू
By असित भट्टाचार्य12 September 2026 at 02:41 am249 views

सांसद ने दिखाई हरी झंडी, विधायक भी रहे मौजूद। मुंबई-पुणे की राह हुई आसान, लंबे इंतजार के बाद घाटशिला को मिली सुपरफास्ट ट्रेनों की सौगात।
घाटशिला..... असित भट्टाचार्य
घाटशिला और आसपास के यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन लंबे इंतजार के बाद एक बड़ी सौगात लेकर आया। दक्षिण पूर्व रेलवे के घाटशिला रेलवे स्टेशन पर बहुप्रतीक्षित गीतांजलि एक्सप्रेस (12859/12860) और आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129/12130) के ठहराव की औपचारिक शुरुआत की गई। जमशेदपुर के सांसद ने हरी झंडी दिखाकर दोनों ट्रेनों के ठहराव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में घाटशिला विधायक भी मौजूद रहे।
दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के घाटशिला में ठहराव से अब क्षेत्र के यात्रियों को मुंबई और पुणे जैसे बड़े महानगरों तक आने-जाने में पहले की अपेक्षा काफी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासी इन ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे थे। विशेष रूप से छात्रों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और महानगरों में रहने वाले परिवारों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अमृत भारत स्टेशन योजना से बदल रही घाटशिला स्टेशन की तस्वीर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत घाटशिला रेलवे स्टेशन के विकास और कायाकल्प का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे संसदीय क्षेत्र में रेलवे से जुड़े विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
सांसद ने बताया कि जमशेदपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जबकि क्षेत्र में लगभग 1200 करोड़ रुपये के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेल तेजी से आधुनिक और विश्वस्तरीय तकनीक की ओर बढ़ रही है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के परिचालन के साथ रेलवे भविष्य की तकनीक को लेकर भी लगातार आगे बढ़ रहा है।
गरीब टेंपो चालकों की रोजी-रोटी का भी उठाया सवाल
सांसद विद्युत वरण महतो ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष घाटशिला स्टेशन पर यात्रियों को लाने-ले जाने वाले स्थानीय ऑटो-टेंपो चालकों की समस्या भी उठाई।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घाटशिला आदिवासी और मजदूर बहुल क्षेत्र है। स्टेशन से जुड़े गरीब टेंपो चालकों की रोजी-रोटी भी इसी व्यवस्था पर निर्भर है। ऐसे में उनके साथ किसी प्रकार की अनावश्यक सख्ती या परेशानी न हो। रेलवे प्रशासन और टेंपो चालकों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर ऐसी व्यवस्था तैयार की जाए, जिससे यात्रियों को भी सुविधा मिले और स्थानीय गरीब परिवारों की रोजी-रोटी भी सुरक्षित रहे।
घाटशिला से महानगरों की कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
गीतांजलि और आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव को घाटशिला के लिए केवल रेल सुविधा में विस्तार नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन संभावनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
घाटशिला एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्र है। यहां से मुंबई और पुणे जैसे महानगरों के लिए सीधी सुपरफास्ट ट्रेन सेवा का ठहराव शुरू होने से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी। वहीं, महानगरों से घाटशिला आने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए भी आवागमन आसान होगा।
लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि नए ठहराव का लाभ स्थानीय यात्रियों को नियमित और सुचारु रूप से कितना मिल पाता है।
More from घाटशिला

घाटशिला के डामपाड़ा में मेदिनीपुर से नेटवर्किंग लीडर्स सक्रिय, मनी मार्केटिंग को लेकर उठे सवाल
15 September 2026 at 03:23 am

रात के अंधेरे में बालू का खेल: घाटशिला मुख्य सड़क पर 3 बजे के बाद दौड़ती OD-11 गाड़ियां
15 September 2026 at 03:14 am

गणपति आए हैं, अब विवेक भी जगना चाहिए: नशे के खिलाफ जागरूकता की जरूरत
14 September 2026 at 05:16 am

कुणाल की मौत के बाद सड़क सुरक्षा पर आक्रोश, सैकड़ों लोगों ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
13 September 2026 at 07:09 pm
