गालुडीह/जमशेदपुर। असित भट्टाचार्य

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ गालुडीह पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से जमशेदपुर तक गांजे की खेप पहुंचाने की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने गालुडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर घेराबंदी कर ग्लैमर मोटरसाइकिल से जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल के अनुसार, 15 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर कुछ लोग गालुडीह के रास्ते जमशेदपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने रणनीति के तहत गालुडीह बराज के पास कैनाल रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तीनों सवारों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार सिंह, श्याम नाथ राय और बाबुलाल यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे के अलावा मोटरसाइकिल और हेलमेट भी जब्त किया है।

पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ में गांजा कारोबार को संगठित तरीके से संचालित किए जाने के संकेत मिले हैं। अब पुलिस इस नेटवर्क के पीछे सक्रिय अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

नशे के कारोबार पर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। खासकर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई न केवल कानून का संदेश देती है, बल्कि समाज के लिए भी एक महत्वपूर्ण चेतावनी है कि नशे के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचना जरूरी है।