सरायकेला। पुरुलिया जिले के बाघमुंडी में प्रेम संबंध और शक ने एक युवती की जान ले ली। पुलिस ने शनिवार की आधी रात एक युवक को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसके शव को बाइक पर लादकर ठिकाने लगाने जा रहा था। बाइक पर रखा बड़ा पॉलीथीन बैग खून से लथपथ था और उसमें से खून रिस रहा था, जिस दृश्य ने पुलिस को भी चौंका दिया।

प्रितिका महतो
आधी रात हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 12:25 बजे बाघमुंडी स्थित PPSP कार्यालय के सामने पुलिस की तैनाती थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक बाइक पर पड़ी, जिस पर बड़ा पॉलीथीन बैग लदा हुआ था। बाइक पर खून के निशान और बैग से खून रिसता देखकर पुलिस को संदेह हुआ। बाइक को रोककर जब युवक से पूछताछ की गई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
कई वर्षों के प्रेम संबंध का खौफनाक अंत
पुलिस ने आरोपी की पहचान अमित कुमार महतो, निवासी हुरुमदा गांव, बाघमुंडी थाना क्षेत्र के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक अमित पढ़ाई और नौकरी की तैयारी के लिए तमना थाना क्षेत्र स्थित एक मेस में रहता था। मृतका की पहचान प्रितिका महतो, निवासी बुरदा, बाघमुंडी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था और दोनों एक ही कोचिंग में पढ़ते थे। पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से आरोपी को अपनी प्रेमिका के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था, जिसे दोनों के बीच बढ़ती दूरी की वजह बताया जा रहा है।
मेस में हुआ विवाद, फिर हत्या
पुलिस के मुताबिक शनिवार को प्रितिका आरोपी से मिलने उसके मेस में पहुंची थी। इसी दौरान विवाद हुआ और कथित तौर पर अमित ने उसका गला घोंट दिया। युवती की मौत के बाद शव को बड़े पॉलीथीन बैग में रखकर बाइक से ठिकाने लगाने ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस की सतर्कता से खुला राज
अगर आधी रात पुलिस की नजर उस खून से लथपथ बाइक पर नहीं पड़ती, तो शायद शव कहां और किस हालत में ठिकाने लगाया जाता, इसका पता लगाना मुश्किल होता। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर पुरुलिया जिला अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच और पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक का बयान
जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की घटना किन परिस्थितियों में हुई तथा शव को ठिकाने लगाने की उसकी योजना क्या थी।





