धनबाद | जमीनी आवाज संवाददाता

सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ अब युवाओं की जान के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनती जा रही है। धनबाद के जीटी रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर कारों से खतरनाक स्टंट कर रील बना रहे सात युवकों को पुलिस ने धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान स्टंट में इस्तेमाल की जा रही तीन कारों को भी जब्त कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार से खतरनाक स्टंट किए जाने की सूचना मिलते ही धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही तोपचांची थाना प्रभारी लव कुमार के नेतृत्व में जीटी रोड पर बैरिकेडिंग कर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर स्टंट कर रहे तीन वाहनों को जब्त कर लिया तथा उनमें सवार सात युवकों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, युवक तेज गति से कार चलाते हुए जोखिम भरे स्टंट कर रहे थे और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की तैयारी में थे। इस तरह की हरकत न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा थी, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती थी।

पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है और हिरासत में लिए गए सभी सात युवकों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर स्टंट करना और यातायात नियमों का उल्लंघन करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की लापरवाही कई निर्दोष लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है, इसलिए ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या रील बनाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

जमीनी आवाज की अपील:

रील और लाइक्स से बढ़कर जीवन की कीमत है। सड़क स्टंट का मंच नहीं, सुरक्षित आवागमन का माध्यम है। थोड़ी-सी लापरवाही एक पल में जिंदगी बदल सकती है। जिम्मेदार बनें, सुरक्षित रहें।