सरायकेला/आदित्यपुर l----: विजय कुमार गोप कोल्हान क्षेत्र के हृदय रोगियों के लिए मंगलवार का दिन स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि लेकर आया। नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH), आदित्यपुर में नवनिर्मित अत्याधुनिक कैथलैब (Cath Lab) का भव्य उद्घाटन किया गया। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में अस्पताल प्रबंधन, वरिष्ठ चिकित्सक एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। नई कैथलैब के शुरू होने से अब कोल्हान और आसपास के हृदय रोगियों को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए जमशेदपुर से बाहर या दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की मजबूरी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में निजी संस्थानों द्वारा अत्याधुनिक स्वास्थ्य ढांचा विकसित करना सराहनीय पहल है। जब विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होती हैं, तो मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकना नहीं पड़ता। उन्होंने संस्थान से भविष्य में भी सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की उम्मीद जताई। अस्पताल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि अत्याधुनिक कैथलैब कोल्हान के हृदय रोगियों के लिए बड़ी सौगात है। यहां एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, पेसमेकर इम्प्लांटेशन समेत हृदय रोग से जुड़ी जटिल प्रक्रियाएं 24x7 उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि हार्ट अटैक के मामलों में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। ऐसे मरीजों को यदि ‘गोल्डन ऑवर’ में तत्काल विशेषज्ञ उपचार और आवश्यक प्रक्रिया मिल जाए, तो गंभीर परिणामों को टाला जा सकता है। कैथलैब की 24 घंटे उपलब्धता से आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा और इलाज के लिए बाहर ले जाने में होने वाली महत्वपूर्ण समय की बर्बादी कम होगी। नई सुविधा को कोल्हान की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासकर हृदय संबंधी आपात स्थितियों में समय पर जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय हस्तक्षेप और अत्याधुनिक तकनीक की उपलब्धता मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।