चाकुलिया ...... संवाददाता चाकुलिया थाना क्षेत्र के तड़ंगा स्थित खाड़ीबंध के समीप मंगलवार शाम अपराधियों ने जोड़ाम हाई स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक सूरज महापात्र पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। अचानक बाइक सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी रोककर सिर पर ताबड़तोड़ वार किए और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सूरज महापात्र को पहले चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बारीपदा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले युवक को जैसे ही अंदेशा हुआ कि मामला पुलिस तक पहुंच सकता है, वह अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। धारदार हथियार बना दहशत का हथियार? चाकुलिया में धारदार हथियार से हमले की यह घटना सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि इलाके में बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं कि सरेराह लोगों को रोककर जानलेवा हमला किया जा रहा है? क्या अपराधियों के हाथों में धारदार हथियार और आम लोगों के मन में डर ही कानून-व्यवस्था की नई तस्वीर बनती जा रही है? पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती हमलावरों की पहचान, गिरफ्तारी और हमले के पीछे की असली वजह का खुलासा करना है।