सरायकेला : विजय कुमार गोप चांडिल अनुमंडल में अपराध नियंत्रण और उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर पुलिस ने अपनी रणनीति की समीक्षा की। चांडिल अनुमंडल स्थित SDPO कार्यालय में मंगलवार को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता SDPO शिव प्रकाश कुमार ने की। इसमें अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने थाना क्षेत्रों की अपराध स्थिति एवं पुलिस कार्रवाई की जानकारी साझा की। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में SDPO शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि अगस्त माह के दौरान चांडिल अनुमंडल सहित सरायकेला-खरसावां जिले में MCC से जुड़े कई उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से हथियार बरामद किए गए हैं तथा उनकी निशानदेही पर भी कई हथियारों की बरामदगी हुई है। गिरफ्तार किए गए लोगों में कई इनामी उग्रवादी भी शामिल बताए गए हैं। हथियार के साथ महिला उग्रवादी ने किया आत्मसमर्पण SDPO ने बताया कि उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान अनीता नामक एक महिला उग्रवादी ने हथियार के साथ आत्मसमर्पण किया है। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण के बाद उसे भारत सरकार के निर्धारित नियमों एवं कानूनी प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। अपराध नियंत्रण से लेकर उग्रवाद तक पर मंथन मासिक क्राइम मीटिंग में केवल उग्रवादी गतिविधियों ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में बढ़ते अपराध, अपराधियों पर निगरानी, लंबित मामलों की समीक्षा, कानून-व्यवस्था और पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर भी चर्चा की गई। थाना प्रभारियों से क्षेत्रवार अपराध की स्थिति की जानकारी लेते हुए अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी रोक, अपराध नियंत्रण और आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता है। बैठक में इसी उद्देश्य से पुलिसिंग को और सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। चांडिल अनुमंडल में हुई यह क्राइम समीक्षा बैठक इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है कि अगस्त माह में पुलिस ने उग्रवाद के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी को लेकर अपनी उपलब्धियां सामने रखी हैं।