गोविंदपुर और दुआरसीनी समेत कई इलाकों में बढ़ीं चोरी की घटनाएं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह की तलाश की मांग
बाघमुंडी (पुरुलिया)। ब्यूरो चीफ
पुरुलिया जिले के बाघमुंडी प्रखंड में इन दिनों बकरी चोरों के आतंक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में एक संगठित बकरी चोर गिरोह सक्रिय है, जिसके सदस्य मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार होकर गांवों में पहुंचते हैं और मौका मिलते ही बकरियों को चोरी कर फरार हो जाते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बकरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल के दिनों में गोविंदपुर निवासी अर्जुन कुमार तथा दुआरसीनी इलाके के शक्तिपद कुमार की बकरियां भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि चोर खासकर उन बकरियों को निशाना बना रहे हैं, जो घर के सामने, आसपास के मैदान या खुले स्थानों पर चर रही होती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश मजदूर और किसान परिवार अपने घरों में दो-चार बकरियां पालते हैं। जरूरत के समय इन्हीं बकरियों को बेचकर मिलने वाली राशि से बच्चों की पढ़ाई, इलाज और घर की अन्य जरूरी जरूरतें पूरी की जाती हैं। ऐसे में लगातार हो रही बकरी चोरी ने गरीब और मध्यमवर्गीय ग्रामीण परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।
मोटरसाइकिल पर आते हैं तीन संदिग्ध
ग्रामीणों का दावा है कि इलाके में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं। बताया जा रहा है कि फुटेज में मोटरसाइकिल पर तीन लोगों के आने और कुछ देर बाद बकरी लेकर तेजी से वहां से निकलने जैसी गतिविधियां दिखाई दी हैं। हालांकि, पुलिस स्तर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश के साथ-साथ दहशत का माहौल है। अब लोग अपनी बकरियों को खुले में छोड़ने से भी डरने लगे हैं और कई परिवार रात के समय विशेष निगरानी रख रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच करने, सक्रिय बकरी चोर गिरोह की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने तथा इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बकरी चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।





