झामुमो अल्पसंख्यक जिला सचिव मोहम्मद अरशद के नेतृत्व में हुआ आयोजन, सैकड़ों बच्चे हुए शामिल
सरायकेला। संवाददाता
ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर कपाली टीओपी चौक में बच्चों के बीच शिक्षा सामग्री एवं शरबत वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो सरायकेला-खरसावां अल्पसंख्यक जिला सचिव मोहम्मद अरशद ने किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर और स्केल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। इसके साथ ही बच्चों और उपस्थित लोगों के बीच शरबत भी बांटा गया। शिक्षा सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी का संदेश केवल खुशी मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की मदद, बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और समाज में आपसी प्रेम व भाईचारे को मजबूत करने का भी संदेश देता है।
मोहम्मद अरशद ने कहा कि बच्चों की शिक्षा समाज और देश के बेहतर भविष्य की बुनियाद है। इसी उद्देश्य से ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर बच्चों के बीच शिक्षा सामग्री वितरित करने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद बच्चों की मदद और उन्हें शिक्षा से जोड़ने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोग एवं आयोजन से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे उत्साह के साथ बच्चों के बीच सामग्री एवं शरबत का वितरण किया गया।





