सुबह-शाम तय समय पर होगी पानी की आपूर्ति, अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा—पेयजल व्यवस्था का स्थायी समाधान बोर्ड की प्राथमिकता
सरायकेला। संवाददाता
नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राइजिंग पाइप से जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था शुरू होने से पानी की कमी और कम दबाव से प्रभावित नगरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें PHED के कार्यपालक अभियंता, नगर पंचायत के अभियंता, सिटी मैनेजर और वार्ड पार्षदों ने हिस्सा लिया। बैठक में जलापूर्ति, पानी के दबाव और विभिन्न क्षेत्रों में वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद दुर्गा मंदिर के समीप राइजिंग पाइप से टैपिंग कर तैयार की गई डिलीवरी लाइन के वॉल्व की चाबी अध्यक्ष मनोज चौधरी और वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से घुमाकर नई जलापूर्ति व्यवस्था का शुभारंभ किया।
नई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन सुबह 6:15 बजे से 7:30 बजे तक तथा शाम 4:15 बजे से 5:30 बजे तक पानी की आपूर्ति की जाएगी। नगर पंचायत का कहना है कि इससे लंबे समय से पेयजल संकट और कम दबाव से जूझ रहे क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता तथा दबाव में सुधार होगा।
मौके पर वार्ड पार्षद उत्तम महंती, विक्रम मोदक, अंजली राय, सुषमा तिउ, गौतम नायक, बबीता कमिला, सविता पटनायक, बरुण साहू और शांति गोड़सेरा सहित नगर पंचायत एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि नगरवासियों की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम आगे भी उठाए जाएंगे।





