न कुर्सी का मोह, न पार्टी का बंधन… 14 मांगों का मेन्यू लेकर बहरागोड़ा से उलगुलान का ऐलान कर रहे गौतम महतो।
भाजपा, झामुमो, कांग्रेस और JLKM तक चर्चा के केंद्र में एक ही नाम; आखिर कौन है यह ढाबे वाला गौतम महतो और कहां से आ रही है इस अभियान की ताकत?
जमीनी आवाज | विशेष राजनीतिक रिपोर्ट
बहरागोड़ा/कोल्हान :
असित भट्टाचार्य की कलम से
कभी चूल्हे की आग से रोटियां पकती हैं, कभी उसी आग से इतिहास लिखा जाता है। सवाल यह नहीं कि चिंगारी कहां से उठी है, सवाल यह है कि अब यह आग किस-किस दरवाजे तक पहुंचेगी!
कल जमीनी आवाज पर प्रकाशित 'परिवर्तन का उलगुलान' की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि कोल्हान की राजनीतिक फिजाओं में एक और नाम तेजी से तैरने लगा। कोल्हान के बेटे की कोल्हान यात्रा का धुआं अभी पूरी तरह छंटा भी नहीं था कि यह चर्चा जंगल की आग की तरह चाय की दुकानों, चौक-चौराहों और बुद्धिजीवियों की बैठकों तक पहुंच गई।
भाजपा हो, झारखंड मुक्ति मोर्चा हो, कांग्रेस हो या JLKM… राजनीतिक गलियारों में इन दिनों एक नाम पर खूब चर्चा हो रही है और वह नाम है गौतम महतो।
बड़े-बड़े राजनीतिक दिग्गजों के बीच भी कई सवाल तैर रहे हैं। आखिर यह युवक है कौन? इसके अभियान की ताकत क्या है? फंडिंग कहां से हो रही है? और सबसे बड़ा सवाल—आखिर इस ढाबे वाले गौतम महतो के ढाबे का मेन्यू है क्या?
लोगों ने चाय की दुकानों पर बहुत से मेन्यू देखे हैं। कहीं सिलेंडर की चर्चा है तो कहीं राजनीति की थाली में तरह-तरह के पकवान परोसे जा रहे हैं। लेकिन गौतम महतो के ढाबे का मेन्यू जानने की उत्सुकता कुछ अलग ही दिखाई दी।
जमीनी आवाज के संपादक ने भी सोचा कि आखिर इस ढाबे में ऐसा क्या पक रहा है, जिसकी खुशबू राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गई है। लिहाजा सीधे गौतम महतो को फोन मिला दिया।
बातचीत शुरू हुई तो पता चला कि उनके ढाबे के मेन्यू में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 14 प्रकार की वैरायटी हैं। और इस मेन्यू की पहली वैरायटी है—AIIMS!
जी हां, गौतम महतो के कथनानुसार उनकी 14 सूत्री मांगों में सबसे पहली मांग कोल्हान में एम्स की स्थापना की है।
पार्टी की राजनीति नहीं, जनता के हस्ताक्षर से होगा उलगुलान!
जमीनी आवाज के संपादक से लंबी बातचीत में गौतम महतो ने अपने अभियान को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। बातचीत के शुरुआती वाक्य में ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उलगुलान की शुरुआत बहरागोड़ा की धरती से होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि उलगुलान शुरू करने से पहले वे अपने सभी पदों से इस्तीफा देंगे। उनका तर्क है कि किसी पार्टी के पद और बंधन में रहकर जनता के व्यापक हितों का उलगुलान नहीं किया जा सकता।
गौतम महतो ने बताया कि वे जनता के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन के साथ दिल्ली जाएंगे। वहां शीर्ष स्तर पर बैठे मंत्री हों या संबंधित अधिकारी, उनके सामने कोल्हान की मांगों को रखेंगे।
सिर्फ केंद्र सरकार ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार के सामने भी इन्हीं मांगों को लेकर अपनी बात रखेंगे। उनका कहना है कि इन मुद्दों पर सरकारों को जवाबदेह बनाना जरूरी है।
उनकी बातचीत से एक बात साफ नजर आई कि वे अपने अभियान को केवल नारेबाजी तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि जनता के हस्ताक्षर, मांगपत्र और सरकार तक सीधी पहुंच को इसका आधार बनाना चाहते हैं।
कोल्हान की राजनीति में एक नया टाइगर तैयार होने की चर्चा!
गौतम महतो के बारे में समाज के अलग-अलग लोगों से बातचीत के दौरान कुछ और दिलचस्प जानकारियां सामने आईं। बताया गया कि गौतम महतो और उनकी टीम ने झारखंड की राजनीति में एक ऐसे टाइगर को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसकी पहचान आज किसी परिचय की मोहताज नहीं है।
राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में इस संबंध को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कहा जा रहा है कि दोनों के बीच संघर्ष, संगठन और जमीनी राजनीति की समझ का पुराना रिश्ता रहा है। हालांकि इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
लेकिन एक बात जरूर है—किसी आंदोलन की ताकत केवल उसके मंच पर खड़े व्यक्ति से नहीं मापी जाती, बल्कि यह भी देखा जाता है कि उसने कितने लोगों को अपने पैरों पर खड़ा होने और अपनी आवाज बुलंद करने का हौसला दिया।
और यही वह पहलू है, जिस पर गौतम महतो की भूमिका को समझने की जरूरत है।
सपना किसी का नहीं, कोल्हान की जनता का होना चाहिए!
अब असली परीक्षा शुरू होती है। गौतम महतो के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी कि वे अपनी 14 सूत्री मांगों को जनता के बीच किस तरह स्थापित करते हैं। क्या बहरागोड़ा से उठने वाली यह आवाज पूरे कोल्हान में जनआंदोलन का रूप ले पाएगी? क्या जनता अपने हस्ताक्षरों के साथ इस अभियान में शामिल होगी? और क्या केंद्र तथा राज्य सरकार तक इन मांगों की गूंज पहुंचेगी?
राजनीति में नए चेहरे आते हैं, नए नारे लगते हैं और नए सपने दिखाए जाते हैं। लेकिन जनता अब केवल चेहरे नहीं देखना चाहती। वह काम, ईमानदारी, संघर्ष और परिणाम देखना चाहती है।
गौतम महतो के लिए भी यही कसौटी होगी।
किसी के नाम की चप्पल, किसी की जींस, किसी की शर्ट पहनकर मंजिल तक पहुंचने की कोशिश करना आसान हो सकता है, लेकिन अपनी पहचान अपने संघर्ष से बनाना ही असली नेतृत्व है।
कोल्हान को किसी की नकल नहीं, अपने सवालों का जवाब चाहिए। उसे ऐसा नेतृत्व चाहिए जो सत्ता के दरवाजे पर दस्तक देने से पहले जनता के दरवाजे पर पहुंचे।
और अंत में गौतम महतो के इस सफर के नाम कुछ पंक्तियां…
न कुर्सी की चाह हो, न ताज का अरमान हो,
जिसके दिल में जनता हो, वही असली इंसान हो।
ढाबे से उठी है आवाज अगर बुलंद,
तो देखना, इतिहास लिखेगा उसका भी एक छंद।
न किसी की चप्पल चाहिए, न किसी का पहनावा,
अपनी मेहनत से बनाना है कोल्हान में नया ठिकाना।
उलगुलान की राह में जो जनता को साथ लाएगा,
वही कोल्हान की मिट्टी में अपनी पहचान बनाएगा।
जमीनी आवाज का सवाल सिर्फ इतना है—गौतम महतो, आपके ढाबे का मेन्यू तो 14 व्यंजनों का है, लेकिन क्या इन 14 मांगों को जनता की थाली तक पहुंचाने का दम भी है?
अब निगाहें बहरागोड़ा पर हैं। क्योंकि किसी भी बड़े परिवर्तन की शुरुआत अक्सर वहीं से होती है, जहां से व्यवस्था ने सवाल सुनना बंद कर दिया हो।
चाय गरम रखिए… कहानी अभी शुरू हुई है!