चार मृतकों के आश्रितों को 16 लाख और पांच घायलों को 3.75 लाख रुपये की सहायता; उमावती ने विधायक से मांगा रोजगार, बोलीं—बच्चों को पालना मुश्किल हो गया है।
दो क्विक रिस्पांस टीमों में अब 12 सदस्य तैनात, हाथियों के पारंपरिक कॉरिडोर को सुगम बनाने की भी पहल।
जमीनी आवाज | विशेष रिपोर्ट
सरायकेला-खरसावां।
जंगल से निकलकर गांवों तक पहुंचते हाथियों के कदम कभी किसी परिवार की खुशियां छीन लेते हैं, तो कभी घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य हमेशा के लिए बिछड़ जाता है। सरकारी मुआवजे का चेक आर्थिक सहायता जरूर देता है, लेकिन जिस घर से परिवार का सहारा छिन गया हो, वहां रकम किसी अपने की कमी पूरी नहीं कर सकती।
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी कार्यालय परिसर में कुछ ऐसा ही दर्द और बेबसी देखने को मिली। यहां हाथियों के हमले में मारे गए चार लोगों के आश्रितों और पांच घायलों को लंबे समय से लंबित मुआवजे की राशि के चेक सौंपे गए। सहायता मिलने की राहत के बीच पीड़ित परिवारों के चेहरों पर भविष्य की चिंता भी साफ दिखाई दी।
दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी, चांडिल रेंज के रेंजर सुरेंद्र गोप और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवारों को सहायता राशि प्रदान की। चार मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये के हिसाब से कुल 16 लाख रुपये तथा पांच घायलों को अलग-अलग निर्धारित राशि के अनुसार कुल 3 लाख 75 हजार रुपये दिए गए। इस तरह कुल 19 लाख 75 हजार रुपये की सहायता वितरित की गई। इसके अतिरिक्त हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच सोलर लैंप भी बांटे गए।

मुआवजे के चेक के बीच गूंजा एक विधवा का सवाल—मैडम, रोजगार दिला दीजिए!
कार्यक्रम का सबसे मार्मिक क्षण उस समय सामने आया, जब हाथी के हमले में अपने पति को खो चुकी उमावती गोराई ने विधायक सविता महतो के सामने अपनी परेशानी रखी। भावुक होकर उन्होंने कहा, "मैडम, हमें कहीं रोजगार करने में लगा दीजिए। परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति को हाथी ने कुचल दिया, अब घर चलाने की जिम्मेदारी अकेले मेरे ऊपर है।"
उमावती ने बताया कि उनके तीन लड़के हैं। सास-ससुर और देवर-देवरानी अलग रहते हैं। खेती-बाड़ी में भी नियमित काम नहीं मिलता। परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि कहीं झाड़ू-पोंछा का ही काम मिल जाए, तो वह करने के लिए तैयार हैं।
उमावती की यह गुहार केवल एक महिला की व्यक्तिगत परेशानी नहीं, बल्कि उन परिवारों की वास्तविक स्थिति का आईना है, जिनके घरों से हाथियों के हमले ने कमाने वाला सदस्य छीन लिया है। विधायक सविता महतो ने उन्हें रोजगार दिलाने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
विधायक बोलीं—मृतकों और घायलों को मिलाकर 19.75 लाख रुपये दिए गए
ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने बताया कि हाथियों के हमले में मारे गए चार लोगों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की सहायता दी गई है। इसके अलावा पांच घायलों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिया गया है। कुल 19 लाख 75 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि हाथियों के उपद्रव को देखते हुए सरकार की ओर से टीम गठित की गई है। झारखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी विशेषज्ञ टीमों को बुलाया जा रहा है, जहां हाथियों का उत्पात अधिक है। विधायक ने ग्रामीणों और पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में हाथियों की गतिविधियों की समय पर सूचना मिलने से लोगों को पहले ही सतर्क किया जा सकता है।
एक साल में पांच लोगों की मौत, अब 12 सदस्य संभालेंगे हाथियों को खदेड़ने की जिम्मेदारी
दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी ने बताया कि पिछले एक वर्ष में हाथियों के हमले में लगभग पांच लोगों की मृत्यु हुई है। इनमें एक मृतक के आश्रितों को पहले ही मुआवजा दिया जा चुका था। शेष चार मृतकों के परिजनों को अब सहायता राशि प्रदान की गई है। पांच घायलों को भी मुआवजा दिया गया।
उन्होंने बताया कि हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के लिए अब दो क्विक रिस्पांस टीमें गठित की गई हैं। पहले एक टीम में छह सदस्य कार्यरत थे। अब दो टीमों में कुल 12 सदस्य तैनात किए गए हैं।
डीएफओ के अनुसार, फॉरेस्ट गार्ड और रेंज अधिकारी हाथियों को जंगल के भीतर रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। हाथी दिवस के अवसर पर बाहर से आए विशेषज्ञों ने टीमों को प्रशिक्षण भी दिया था। इसके अतिरिक्त पूरे झारखंड में लगभग 230 क्विक रिस्पांस टीमें कार्यरत हैं। इनमें से आधी टीमों को जमशेदपुर बुलाकर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने के तौर-तरीके बताए गए।
हाथियों के पारंपरिक रास्तों पर अवरोध भी बना चुनौती
डीएफओ ने बताया कि हाथियों के आवागमन के दो प्रमुख रास्ते हैं। एक बंगाल की ओर से घाटशिला के रास्ते और दूसरा चांडिल-माठा की तरफ से।
घाटशिला की ओर से आने वाले हाथियों के पारंपरिक रास्ते में कुछ अवरोध उत्पन्न हुए हैं, जिन्हें हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से भी हाथियों के आवागमन में पैदा हुए अवरोधों को दूर करने के निर्देश मिले हैं।
इसके साथ ही चांडिल और पुरुलिया जिले के अयोध्या-माठा कॉरिडोर पर भी काम किया जा रहा है। जंगलों को अधिक समृद्ध बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बंगाल की ओर से आने वाले हाथियों को दलमा के जंगलों तक पहुंचने में सुविधा हो।
जमीनी सवाल : मुआवजा जरूरी है, लेकिन क्या परिवारों का भविष्य भी सुरक्षित होगा?
हाथियों के हमले में किसी की जान चली जाती है, तो सरकार की ओर से मुआवजा देना जरूरी है। लेकिन क्या सरकारी जिम्मेदारी केवल चेक सौंपने तक सीमित रहनी चाहिए?
उमावती गोराई की गुहार व्यवस्था के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। पति की मौत के बाद तीन बच्चों की परवरिश और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाली महिला को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि रोजगार का स्थायी अवसर चाहिए। क्या संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस परिवार की आजीविका सुनिश्चित करने के लिए आगे आएंगे?
हाथी और इंसान के बीच बढ़ता संघर्ष केवल वन विभाग की समस्या नहीं है। यह जंगल, पर्यावरण, वन्यजीवों के पारंपरिक रास्तों और ग्रामीणों की आजीविका से जुड़ा गंभीर सवाल है। जब तक हाथियों के प्राकृतिक कॉरिडोर सुरक्षित नहीं होंगे और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, रोजगार तथा सुरक्षा की ठोस व्यवस्था नहीं बनेगी, तब तक मुआवजे के चेक बांटने का सिलसिला शायद यूं ही चलता रहेगा।
किसी परिवार के मुखिया की मौत के बाद मुआवजे की राशि दी जा सकती है, लेकिन उसके बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?
जमीनी आवाज | खबरें जमीन की, जमाने की।