डायट गम्हरिया में झारखंड स्थापना दिवस समारोह, छात्र-छात्राओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

निबंध, पेंटिंग, क्विज, नृत्य और गायन समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को मिला हुनर दिखाने का मंच, विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित


जमीनी आवाज | शिक्षा विशेष

सरायकेला। झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, विकास और भविष्य की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर शुक्रवार को डायट गम्हरिया में जिला स्तरीय झारखंड स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। झारखंड शिक्षा परियोजना, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों के सरकारी विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का विषय “झारखंड स्थापना दिवस समारोह : विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव 2026-27” रखा गया था। समारोह के दौरान निबंध लेखन, पेंटिंग, क्विज, नृत्य, गायन, नाटक और कथा वाचन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अमित कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिले के सभी प्रखंडों के विद्यार्थी ऊर्जावान और उत्साहित हैं। उनका प्रदर्शन सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि सह-शैक्षणिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण एवं समावेशी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अलका लकड़ा ने बताया कि राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार पहले विद्यालय और प्रखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला स्तरीय समारोह में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया गया है। प्रतियोगिताएं कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 के दो अलग-अलग वर्गों में आयोजित की जा रही हैं।

प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

समारोह में जिला शिक्षा अधीक्षक सहित विभिन्न शिक्षाविदों और शिक्षकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि झारखंड की पहचान केवल उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से ही नहीं, बल्कि यहां के प्रतिभाशाली बच्चों, उनकी रचनात्मकता और भविष्य के सपनों से भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

जमीनी आवाज | खबरें जमीन की जमाने की