प्रकृति की मार से किसानों की पक्की धान बर्बाद, अब सरकार के मुआवजे की बारी!


अकवान चक्रवात की लगातार बारिश ने सरायकेला-खरसावां के किसानों की छह महीने की मेहनत पर फेरा पानी, खेतों में सड़ रही कटी और खड़ी फसल

जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने उठाई आवाज, गांव-गांव जाकर फसल क्षति का सर्वे कराने, बीमा राशि भुगतान और KCC कर्ज माफ करने की मांग


जमीनी आवाज | विशेष रिपोर्ट

सरायकेला | विजय कुमार गोप की रिपोर्ट

प्रकृति की मार जब किसान पर पड़ती है तो सिर्फ खेतों में खड़ी फसल ही बर्बाद नहीं होती, बल्कि उसके साथ परिवार की उम्मीदें, बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और पूरे साल की आर्थिक योजना भी प्रभावित होती है। सरायकेला-खरसावां जिले में अकवान चक्रवात के प्रभाव से पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने धान की तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। कहीं खेतों में खड़ी धान की फसल पानी में डूब गई है तो कहीं काटकर रखी गई धान लगातार बारिश में भीगकर बर्बादी की ओर बढ़ रही है। किसानों के सामने अब पूरे साल की आजीविका बचाने का संकट खड़ा हो गया है।

विडंबना यह है कि जिस धान की फसल को तैयार करने के लिए किसानों ने बीज, खाद, कीटनाशक, जुताई, रोपनी और मजदूरी पर अपनी जमा पूंजी खर्च कर दी, उसी फसल को घर तक पहुंचाने से पहले ही मौसम की बेरुखी ने संकट में डाल दिया। लगातार बारिश में भीगने से कटी हुई धान के सड़ने और उसमें अंकुर निकलने की आशंका है। इसका सीधा असर धान की गुणवत्ता और बाजार में मिलने वाली कीमत पर पड़ सकता है। यानी जो फसल बच भी जाएगी, उसके उचित मूल्य मिलने की गारंटी नहीं है।

छह महीने की मेहनत, एक झटके में संकट

किसान के लिए धान की खेती महज एक फसल नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सालभर के जीवन का आधार होती है। खेती के लिए लिया गया कर्ज, खाद-बीज की उधारी, मजदूरों की मजदूरी और घरेलू जरूरतों के लिए किए गए इंतजाम की भरपाई इसी फसल से होनी थी। लेकिन लगातार बारिश ने किसानों को ऐसे मोड़ पर खड़ा कर दिया है, जहां आगे रास्ता भी दिखाई नहीं दे रहा और पीछे लौटने का विकल्प भी नहीं है।

इस संकट को और गंभीर बनाता है मानव-हाथी संघर्ष। जिले के कई इलाकों में किसान पहले से ही जंगली हाथियों के खतरे के बीच अपनी धान की फसल बचाने और काटने को मजबूर थे। दिन-रात खेतों की निगरानी और हाथियों से फसल बचाने की चिंता के बीच अब बारिश ने उनकी बची हुई उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया है।

मधुश्री महतो ने सरकार से मांगा तत्काल हस्तक्षेप

जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किसानों की इस दुर्दशा पर गंभीर चिंता जताते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने कहा कि किसानों ने कर्ज लेकर और घर की जमा पूंजी लगाकर खेती की थी। खाद, बीज, जुताई और रोपनी से लेकर फसल तैयार करने तक हर स्तर पर भारी खर्च किया गया। लेकिन अकवान चक्रवात के कारण लगातार हो रही बारिश ने किसानों की सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। पक्की धान खेतों में बर्बाद हो रही है और किसान असहाय होकर अपनी फसल को देखते रहने को मजबूर हैं।

मधुश्री महतो ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह किसानों के साथ खड़ी हो। केवल नुकसान पर चिंता जताने से किसानों का घर नहीं चलेगा। उन्हें वास्तविक क्षति के अनुरूप आर्थिक सहायता और कर्ज से राहत की आवश्यकता है।

तीन प्रमुख मांगें, सरकार के सामने किसानों का सवाल

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने सरकार और जिला प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।

1. गांव-गांव जाकर हो फसल क्षति का सर्वेक्षण

प्रशासनिक अधिकारी तत्काल प्रभावित गांवों में पहुंचें और खेतों का भौतिक निरीक्षण कर वास्तविक फसल क्षति का आकलन करें। सर्वेक्षण केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए। कटी हुई और खड़ी दोनों प्रकार की फसलों के नुकसान को इसमें शामिल किया जाए।

2. बीमित फसलों का शीघ्र मिले मुआवजा

जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है, उनके नुकसान का आकलन कर नियमानुसार बीमा मुआवजे का भुगतान जल्द सुनिश्चित किया जाए। किसानों को बीमा की प्रक्रिया में अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

3. KCC ऋण की शत-प्रतिशत माफी पर हो निर्णय

मधुश्री महतो ने किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण को शत-प्रतिशत माफ करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब फसल ही बर्बाद हो गई तो किसान कर्ज की अदायगी कैसे करेंगे? ऐसे में कर्ज का बोझ किसानों को और गहरे आर्थिक संकट में धकेल सकता है।

बीज से मजदूरी तक का खर्च डूबा, अब अगली खेती की चिंता

किसानों की परेशानी सिर्फ वर्तमान फसल के नुकसान तक सीमित नहीं है। बीज खरीदने से लेकर खाद, कीटनाशक, सिंचाई, जुताई और मजदूरी तक में बड़ी रकम खर्च हो चुकी है। कई किसानों ने इसके लिए कर्ज लिया है। अब जब तैयार फसल ही हाथ से निकल रही है तो अगली फसल के लिए पूंजी जुटाना भी बड़ी चुनौती बन गया है।

मधुश्री महतो ने आशंका जताई कि यदि समय रहते किसानों को मुआवजा और राहत नहीं मिली तो अनेक किसान परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने सरकार से तत्काल राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की है।

प्रकृति का प्रहार, भरपाई की जिम्मेदारी किसकी?

इस पूरे संकट के बीच एक सवाल सरकार से भी है। प्रकृति की मार को कोई रोक नहीं सकता, लेकिन प्राकृतिक आपदा से बर्बाद हुए किसान को राहत देना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी जरूर है।

बारिश थमने के बाद खेतों में पानी उतर जाएगा, लेकिन क्या किसानों के घरों में छाया आर्थिक संकट भी अपने आप खत्म हो जाएगा? क्या खाद-बीज की उधारी, मजदूरों की मजदूरी और बैंक का कर्ज भी बारिश के पानी के साथ बह जाएगा? क्या किसान अगली खेती के लिए फिर से शून्य से शुरुआत करने की स्थिति में हैं?

किसान को भाषण नहीं, उसके नुकसान की भरपाई चाहिए। उसे आश्वासन नहीं, समय पर आर्थिक सहायता चाहिए। सरकार को यह समझना होगा कि खेत में बर्बाद हुई धान केवल अनाज नहीं, बल्कि किसान के परिवार की रोटी, बच्चों का भविष्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

प्रकृति ने किसानों की मेहनत छीन ली है। अब देखना यह है कि सरकार उनके आंसुओं की कीमत कितनी समझती है और राहत के नाम पर उन्हें कितनी आर्थिक सहायता देती है।

जमीनी आवाज का सवाल: जब किसान की तैयार फसल ही खेत में बर्बाद हो रही है, तो उसकी अगली खेती और परिवार की आजीविका बचाने के लिए सरकार की ठोस पहल कब दिखाई देगी?