26 साल के झारखंड में स्वास्थ्य और शिक्षा की बदहाली पर उठाए सवाल, कोल्हान के लिए एम्स की मांग बनेगी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा
दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर जनता को जोड़ने की तैयारी, गांव-गांव पहुंचकर जमीन की समस्याओं से लेकर व्यवस्था की खामियों तक पर होगी बात
जमीनी आवाज | विशेष रिपोर्ट
बहरागोड़ा/कोल्हान
असित भट्टाचार्य की कलम से
झारखंड की राजनीति में एक नई हलचल की आहट सुनाई देने लगी है। यह हलचल किसी स्थापित राजनीतिक दल की चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं और वर्षों से अधूरी पड़ी उम्मीदों को लेकर शुरू होने जा रही एक नई पहल है। कोल्हान के बेटा कहे जाने वाले गौतम महतो और उनकी टीम ने ‘कोल्हान परिवर्तन यात्रा’ के माध्यम से जनजागरण का बिगुल फूंकने की तैयारी की है। इस अभियान की शुरुआत बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र से होगी। गौतम महतो का उद्देश्य केवल राजनीतिक भाषण देना नहीं, बल्कि घर-घर पहुंचकर जनता की समस्याओं को समझना, उन्हें व्यवस्था के सामने मजबूती से रखना और समाज के प्रत्येक वर्ग में सकारात्मक बदलाव की सोच पैदा करना है।
गौतम महतो का कहना है कि आज जनता किसी एक राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि लगातार निराश करने वाली राजनीतिक व्यवस्था से परेशान है। चाहे कोई भाजपा का समर्थक हो, कांग्रेस का, झामुमो का या किसी दूसरे दल का, आम आदमी की बुनियादी समस्याएं लगभग एक जैसी हैं। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे होते हैं, लेकिन चुनाव बीतने के बाद वही जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दर-दर भटकती दिखाई देती है। ऐसे में जरूरी है कि राजनीति को दलगत भावनाओं से ऊपर उठाकर जनहित के मुद्दों पर केंद्रित किया जाए।

26 साल का झारखंड, लेकिन स्वास्थ्य के लिए अब भी एम्स का इंतजार!
गौतम महतो ने कोल्हान के लिए एम्स स्तर के अस्पताल की मांग को अपने प्रस्तावित आंदोलन का सबसे प्रमुख मुद्दा बनाया है। उनका सवाल है कि जिस कोल्हान की खनिज संपदा से केंद्र और राज्य सरकारों को करोड़ों-अरबों रुपये का राजस्व मिलता है, उसी क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आज भी संघर्ष क्यों करना पड़ता है?
उनका कहना है कि टाटा मुख्य अस्पताल जैसी चिकित्सा संस्थाओं की मौजूदगी के बावजूद गरीब और सामान्य परिवारों के सामने बेहतर इलाज हासिल करने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में आर्थिक असमानता और प्रभावशाली लोगों की पहुंच को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि कोल्हान में एम्स की स्थापना केवल एक अस्पताल बनाने का सवाल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन का सवाल है। इस मांग को लेकर केंद्र और राज्य सरकार दोनों को जवाबदेह बनाने की जरूरत है।
शिक्षा के नाम पर प्रमाणपत्र, लेकिन बच्चों के भविष्य का क्या?
गौतम महतो ने शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि एक ओर निजी स्कूलों की फीस आम परिवारों की कमर तोड़ रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों की स्थिति और उनके संचालन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
उनके अनुसार, आज बड़ी संख्या में बच्चे प्रमाणपत्र तो हासिल कर रहे हैं, लेकिन वास्तविक ज्ञान, व्यावहारिक समझ और कार्यकुशलता के मामले में अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसका असर आगे चलकर रोजगार और सरकारी विभागों में कामकाज की गुणवत्ता पर भी पड़ता है।
उनका सवाल है कि क्या शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा पास कराना और प्रमाणपत्र देना रह गया है? आखिर ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर कब मिलेगा?
जादूगोड़ा से सुरदा तक, खदानों की संपदा और स्थानीय जनता का अधिकार भी मुद्दा
गौतम महतो की प्रस्तावित परिवर्तन यात्रा का दायरा केवल स्वास्थ्य और शिक्षा तक सीमित नहीं रहने वाला है। जादूगोड़ा, राखा, सुरदा और कोल्हान के अन्य खनन क्षेत्रों से जुड़े सवाल भी इस अभियान का हिस्सा होंगे।
खनिज संपदा से समृद्ध इस क्षेत्र में रोजगार, स्थानीय लोगों की भागीदारी, विस्थापन, पर्यावरण, मजदूरों की स्थिति और खनन से प्रभावित परिवारों के भविष्य जैसे मुद्दों पर भी आवाज उठाने की तैयारी है।
सवाल यह है कि जिस धरती के नीचे इतनी संपदा है, उसी धरती के ऊपर रहने वाले स्थानीय परिवारों को बेहतर रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए आखिर कब तक संघर्ष करना पड़ेगा?
गौतम महतो की सोच है कि विकास का लाभ केवल कुछ चुनिंदा लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। खनिज संपदा से जुड़े विकास में स्थानीय जनता की हिस्सेदारी और उसके जीवन में वास्तविक बदलाव दिखाई देना चाहिए।
राजनीति को व्यापार का गणित नहीं, जनसेवा का माध्यम बनाना चाहते हैं गौतम
गौतम महतो का एक और महत्वपूर्ण सवाल मौजूदा राजनीतिक कार्यशैली को लेकर है। उनका कहना है कि राजनीति धीरे-धीरे व्यापारियों के कैलकुलेशन जैसी होती जा रही है, जहां लाभ दिखाई देता है, वहीं राजनीतिक गतिविधियां केंद्रित हो जाती हैं।
उनका दर्द है कि झारखंड राज्य बने 26 वर्ष हो चुके हैं। कई सरकारें आईं और गईं, सत्ता के चेहरे बदले, राजनीतिक समीकरण बदले, लेकिन आम जनता की जिंदगी में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। कुछ सीमित वर्गों और प्रभावशाली लोगों का उत्थान जरूर हुआ, लेकिन गांवों, गरीबों, मजदूरों, किसानों और सामान्य परिवारों की समस्याएं आज भी बनी हुई हैं।
गौतम महतो इसी सोच को बदलने के लिए जनता के बीच जाने की बात कर रहे हैं। उनकी पहल में जाति, जनजाति, भाषा, क्षेत्र और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर झारखंड के सभी नागरिकों को जोड़ने की कोशिश होगी।
बहरागोड़ा से शुरुआत, नजर पूरे कोल्हान पर
कोल्हान परिवर्तन यात्रा की शुरुआत बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र से किए जाने की तैयारी है। गौतम महतो और उनकी टीम का प्रयास होगा कि गांव-गांव जाकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को सुना जाए। केवल समस्याएं गिनाने के बजाय उनके समाधान के लिए जनमत तैयार किया जाए और संबंधित सरकारों तथा प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाई जाए।
इस अभियान का एक महत्वपूर्ण पक्ष सकारात्मक जनप्रेरणा भी है। गौतम महतो चाहते हैं कि वर्षों की निराशा के बीच जनता अपने अधिकारों को पहचाने, अपनी ताकत को समझे और विकास की मांग को लेकर एकजुट हो।
यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी यह पहल जमीन पर कितनी व्यापक जनभागीदारी हासिल कर पाती है। क्योंकि किसी भी आंदोलन की असली ताकत उसके नेता के भाषणों में नहीं, बल्कि उसके साथ खड़े होने वाले आम लोगों के विश्वास और भागीदारी में होती है।
जमीनी आवाज का नजरिया
झारखंड की राजनीति में नए चेहरों और नए नारों की कमी नहीं रही है। लेकिन राज्य को केवल नए नारों की नहीं, बल्कि नई सोच, ईमानदार पहल और जवाबदेह जनभागीदारी की जरूरत है।
गौतम महतो ने जिन मुद्दों को उठाने का संकल्प व्यक्त किया है, वे किसी एक पार्टी, जाति या समुदाय के मुद्दे नहीं हैं। बेहतर अस्पताल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, खनिज संपदा में स्थानीय लोगों की हिस्सेदारी और गरीबों के सम्मानजनक जीवन का सवाल पूरे झारखंड का सवाल है।
हालांकि किसी भी आंदोलन की सफलता का फैसला उसकी घोषणा से नहीं, बल्कि उसके धरातलीय काम, पारदर्शिता, निरंतरता और जनता के प्रति जवाबदेही से होगा। गौतम महतो के सामने भी यही सबसे बड़ी कसौटी होगी।
अगर कोल्हान परिवर्तन यात्रा वास्तव में जनता की आवाज बनती है और राजनीतिक स्वार्थों से ऊपर उठकर आम लोगों के सवालों को आगे बढ़ाती है, तो यह पहल झारखंड की राजनीति में एक सार्थक जनचेतना का नया अध्याय लिख सकती है।
क्योंकि झारखंड केवल खनिज संपदा का नाम नहीं है, यह उन लाखों लोगों की उम्मीदों का नाम है, जिन्होंने एक बेहतर भविष्य के सपने के साथ अलग राज्य की कल्पना की थी।
अब देखना यह है कि बहरागोड़ा से उठने वाली यह आवाज पूरे कोल्हान में कितनी दूर तक पहुंचती है।
जमीनी आवाज की कलम से एक बात—
न जमीन की आवाज दबेगी, न हक की पुकार रुकेगी,
बदलाव की जो लौ जलेगी, वह हर गांव तक पहुंचेगी।
सत्ता बदले, चेहरे बदलें, अब सोच बदलनी चाहिए,
झारखंड की मिट्टी को अब उसकी खुशहाली मिलनी चाहिए।