सरायकेला। नीमडीह थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक वृद्ध महिला से सोने की चेन छिनतई की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। लुपुंगडीह पंचायत के बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार सुबह बाइक सवार दो युवकों ने 72 वर्षीय बावली सेन को बातों में उलझाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव की महिलाओं में भय का माहौल है।
"मौसी" कहकर किया विश्वास में लेने का प्रयास
पीड़िता बावली सेन के अनुसार, सुबह करीब 10:43 बजे दो युवक बाइक से गांव में पहुंचे। दोनों युवक उन्हें "मौसी" कहकर बातचीत करने लगे। बातचीत करते हुए वे घर के सामने तालाब के पास पहुंचे। इसी दौरान अचानक दोनों ने उनके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। छीना-झपटी में चेन का आधा हिस्सा टूटकर बावली सेन के हाथ में रह गया, जबकि आरोपी चेन का बाकी हिस्सा लेकर बाइक से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने किया पीछा, फिर भी निकल भागे आरोपी
वृद्धा ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने जोर-जोर से "चोर-चोर" चिल्लाकर शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाइक सवार युवकों का पीछा भी किया, लेकिन दोनों आरोपी न्यू बायपास-18 हाईवे की ओर भागने में सफल रहे। बावली सेन के मुताबिक, छीनी गई सोने की चेन करीब 12 ग्राम की थी, जिसे उन्होंने वर्ष 2021 में लगभग 66 हजार रुपये में खरीदा था।
पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी एसआई रतन लाल मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी ली और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की पहचान और भागने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है। दिनदहाड़े गांव में वृद्ध महिला को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने पुलिस से जल्द गिरफ्तारी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।





