लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को जीसीजेडी उच्च विद्यालय, मुसाबनी में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति, एकता और अखंडता के संदेश से गूंज उठा। इस अवसर पर शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटर कॉलेज के प्राचार्य शिव पूजन सिंह चौहान ने की। विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से चित्रांकन, भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीनों प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और प्रतिभा का परिचय दिया।

चित्रांकन प्रतियोगिता में विशाल भालू ने प्रथम, जगदीश चंद्र टुडू ने द्वितीय तथा मानव नारायण दे एवं अनुश्री फादर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन प्रतियोगिता में बसंती मांडी प्रथम, सुदीप्ता हेंब्रम द्वितीय एवं बसंती हांसदा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में हीरामणि बास्के ने प्रथम, सुहाना शेख ने द्वितीय तथा सुहाना टुडू ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नेशनल कंप्यूटर एजुकेशनल बोर्ड, घाटशिला के निदेशक सुदीप भगत उपस्थित थे। उनके साथ ब्रांच हेड देव दत्ता, इंस्ट्रक्टर मनीषा कर्मकार, प्रताप कालिंदी, शिक्षक सोमेश्वर झा, निमाई मार्डी, किरण कुमारी, अल्पना सिंह एवं राज मार्डी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुरारी प्रसाद सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बताया कि देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्य अतिथि सुदीप भगत ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता के महत्व पर अपने विचार रखे।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपने भाषणों के माध्यम से सरदार पटेल को राष्ट्रीय एकता का महान पुरोधा बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही।
खबरें जमीन की, जमाने की।असित भट्टाचार्य
संस्थापक एवं प्रधान संपादक...जमीनी आवाज