आदित्यपुर में पारिवारिक विवाद में चली गोली, 111 सेफ लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद घायल
पीठ में लगी गोली, टीएमएच में भर्ती; चिकित्सकों के अनुसार खतरे से बाहर, बड़े भाई पर गोली चलाने का आरोप

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार को गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मार्ग संख्या-4 में 111 सेफ लाइफ अस्पताल के संचालक एवं गायत्री शिक्षा निकेतन के संस्थापक डॉ. वाई.पी. आनंद के छोटे पुत्र डॉ. ओपी आनंद को उनके सगे बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु द्वारा गोली मारे जाने का आरोप सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गोली डॉ. ओपी आनंद की पीठ में लगी। घटना के बाद उन्हें तत्काल जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
पारिवारिक विवाद में गोली चलने की बात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और गोली चलने की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। आरोपित सत्य प्रकाश सुधांशु गायत्री शिक्षा निकेतन के सचिव बताए जाते हैं।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
घटना की खबर फैलते ही दोनों भाइयों के परिजन, शुभचिंतक और स्थानीय लोग टीएमएच परिसर में जुट गए। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जमीनी आवाज | खबरें जमीन की, जमाने की।