48 घंटे के भीतर ओडिशा से बरामद हुई लापता नाबालिग बच्ची, परिजनों को सौंपा
मऊभंडार पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता; मामले में नाबालिग लड़के के खिलाफ भी की गई कानूनी कार्रवाई।
घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के मऊभंडार ओपी अंतर्गत कुतलुडुंगरी गांव से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर ओडिशा से बरामद कर लिया। मामले में बच्ची को शादी के उद्देश्य से अपने साथ ले जाने के आरोप में एक नाबालिग लड़के को भी पकड़ा गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया, जबकि बरामद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मां की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची की मां शिवानी मुखी ने अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत मऊभंडार पुलिस से की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता के कारण महज 48 घंटे के भीतर बच्ची का पता लगा लिया गया और उसे ओडिशा से बरामद कर लिया गया।
पुलिस टीम की सक्रियता से मिली सफलता
बच्ची की तलाश और बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान में मऊभंडार ओपी के एसआई मनोज कुमार सहित पुलिस के जवान शामिल थे। टीम की तत्परता से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंपने में सफलता मिली।
बच्ची की सुरक्षित बरामदगी से परिजनों को राहत मिली है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई नियमानुसार की।