जमीनी आवाज | मुसाबनी | विशेष रिपोर्ट


मुसाबनी। कांग्रेस संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नवनियुक्त मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष शमशेर खान का आज मुसाबनी में कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। उनके स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को सम्मानित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्र में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सुविधा निवासी शमशेर खान को मुसाबनी कांग्रेस कमेटी का प्रखंड अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति के बाद से ही स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल था। आज आयोजित स्वागत कार्यक्रम में यह उत्साह खुलकर सामने आया।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि शमशेर खान लंबे समय से आम लोगों, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बीच सक्रिय रहे हैं। गरीबों की समस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता, हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़े रहने की तत्परता, कार्यकर्ताओं से जुड़ाव और प्रखर वक्ता के रूप में उनकी पहचान उन्हें अलग स्थान देती है।

कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि शमशेर खान के नेतृत्व में मुसाबनी प्रखंड में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी और आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए एक सक्रिय मंच तैयार होगा। उनके अध्यक्ष बनने से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में नई आशा और विश्वास का संचार हुआ है।

कार्यक्रम में अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शेख अशरफ उर्फ भोलू, तोता महली, शत्रुघ्न प्रसाद, रवि नेता, हिमांशु गिरी, शिबू गुरुंग, कृष्णा पातर, हिदायत मुन्ना, पिंटू दास, एमडी मुस्तकीम, मालिन भगत, हेमंत श्यामल, सुनील बास्के, सेन मुर्मू, राजेश थापा, गुरुदास मुर्मू, बीर लामा, अजय पांडेय एवं मुकरा पातर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मुसाबनी में हुए इस स्वागत कार्यक्रम ने यह संकेत दिया कि शमशेर खान को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में संगठन को लेकर नई उम्मीदें और उत्साह है। अब देखना होगा कि यह उत्साह आने वाले दिनों में संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों को उठाने में किस तरह बदलता है।

असित भट्टाचार्य की कलम से