सरायकेला। गणेश पूजा के मौके पर मंगलवार की रात चिलगु में नृत्य, गीत और संगीत का ऐसा रंग जमा कि देर रात तक पूरा माहौल तालियों और संगीत की गूंज से सराबोर रहा। यंग बॉयज क्लब की ओर से आयोजित डांस धमाका सीजन-15 में नेपाल से लेकर दिल्ली और असम से लेकर ओडिशा तक के कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा।

देश-विदेश से पहुंचे कलाकार

कार्यक्रम में नेपाल, असम, दिल्ली, आसनसोल, रांची और ओडिशा समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य से लेकर आधुनिक गीतों पर दमदार डांस तक, मंच पर प्रस्तुतियों की विविधता ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

युवाओं में दिखा खास उत्साह

गणेश पूजा के अवसर पर आयोजित इस डांस प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर शाम से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। देर रात तक लोग अपने पसंदीदा कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।

विजेताओं को मिले 50 हजार रुपये के पुरस्कार

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को आयोजक समिति की ओर से कुल 50 हजार रुपये के नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। नेपाल की सन्नी शालिनी ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए 20 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। आसनसोल की जीएमजी गर्ल्स ग्रुप को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 12 हजार रुपये, जबकि दिल्ली के स्टार स्टेपर्स ग्रुप को तृतीय पुरस्कार के रूप में 8 हजार रुपये प्रदान किए गए। न्यू झोनी ग्रुप को चौथे स्थान के लिए 6 हजार रुपये तथा रांची के गुमनाम अग्नि को पांचवें स्थान के लिए 4 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।

कला और संस्कृति को बढ़ावा देने का मंच

यंग बॉयज क्लब के सदस्य विवेक गोप ने कहा कि गीत, संगीत और नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए लोगों में नई ऊर्जा का संचार भी होता है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय और बाहर से आने वाले कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।