पटमदा पहुंचा डालसा का जागरूकता मोबाइल वैन

बामनी चौक, बुरूडीह सबर बस्ती और खेड़ूआ पंचायत में चला विधिक जागरूकता अभियान

ग्रामीण और वंचित तबके तक कानून की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर का जागरूकता मोबाइल वैन शनिवार को पटमदा पहुंचा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश एवं डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकार, कर्तव्य और उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी गई।

डालसा की टीम ने बामनी चौक, बुरूडीह सबर बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और खेड़ूआ पंचायत भवन में ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम चलाया।

बाल विवाह से डायन-बिसाही तक—अहम मुद्दों पर जागरूकता

ग्रामीणों को बाल विवाह, मानव तस्करी, पॉक्सो एक्ट, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, नशा उन्मूलन और डायन-बिसाही जैसे गंभीर सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों के प्रति भी जागरूक किया गया। विशेष रूप से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी साझा की गई।

सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन की जानकारी

डालसा टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अभियान के दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सेवा 100/112, महिला हिंसा हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।

अभियान का उद्देश्य केवल कानून की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को यह भरोसा दिलाना भी रहा कि न्याय और कानूनी सहायता तक उनकी पहुंच उनके अधिकार का हिस्सा है।