घाटशिला/रांची | असित भट्टाचार्य की कलम से
रांची के रिंग रोड पर भटकती मिलीं घाटशिला की चम्पा, कोतवाली महिला थाना में सुरक्षित; परिजनों की तलाश
कालचित्ति पंचायत के बांधडीह गांव की रहने वाली बता रही हैं खुद को, पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से महिला थाना में रखा; चौकीदारों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से परिवार तक सूचना पहुंचाने की अपील।
घाटशिला/रांची। रांची के रिंग रोड पर एक महिला भटकती हुई अवस्था में मिली हैं। महिला अपना नाम चम्पा बता रही हैं और स्वयं को पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड अंतर्गत कालचित्ति पंचायत के बांधडीह गांव की निवासी बता रही हैं। फिलहाल महिला को सुरक्षा के दृष्टिकोण से रांची के कोतवाली महिला थाना में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला रिंग रोड क्षेत्र में अकेली भटकती हुई मिली थीं। उनकी स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और कोतवाली महिला थाना में उनकी देखभाल की व्यवस्था की है। महिला फिलहाल अपना नाम चम्पा बता पा रही हैं। उन्होंने अपने गांव का नाम बांधडीह और पंचायत का नाम कालचित्ति बताया है।
परिजनों तक सूचना पहुंचाने की अपील
इस सूचना के बाद घाटशिला प्रखंड के कालचित्ति पंचायत और आसपास के गांवों के ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के चौकीदारों से विशेष अपील की गई है कि वे महिला की पहचान सुनिश्चित करने और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में सहयोग करें।
यदि कोई व्यक्ति चम्पा या उनके परिवार को जानता है, तो तत्काल उनके घरवालों को सूचित करें, ताकि परिजन रांची पहुंचकर कोतवाली महिला थाना से उन्हें सुरक्षित अपने घर ले जा सकें।
अपनों से मिलाने में आपकी मदद बन सकती है सहारा
एक महिला अपने घर और परिवार से दूर है। ऐसे में स्थानीय लोगों की थोड़ी-सी सक्रियता उन्हें अपनों से मिलाने में बड़ी मददगार साबित हो सकती है। खासकर बांधडीह गांव और कालचित्ति पंचायत के लोगों से अपील है कि वे इस सूचना को गंभीरता से लें और महिला को पहचानने में सहयोग करें।
जमीनी आवाज की अपील है कि इस खबर को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि चम्पा के परिवार तक जल्द से जल्द सूचना पहुंच सके और वह सुरक्षित अपने परिजनों के पास लौट सकें।