जमीनी आवाज | त्योहार विशेष रिपोर्ट


चांडिल। दीपावली के महापर्व का उल्लास धनतेरस के साथ चांडिल बाजार में पूरी तरह नजर आने लगा है। चांडिल मुख्य बाजार से लेकर दैनिक बाजार और मेन रोड तक दुकानों की रौनक देखते ही बन रही है। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और तोरण द्वारों से सजे बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई, जो दिन चढ़ने के साथ जनसैलाब में तब्दील होती नजर आई।

धनतेरस के अवसर पर खरीदारी की परंपरा को निभाने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। किसी ने घर की सजावट के लिए सामान खरीदा तो किसी ने दीपावली की पूजा की तैयारियों को लेकर खरीदारी की। हालांकि इस बार बाजार में पारंपरिक मिट्टी की सामग्री विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। मिट्टी के दीपक और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। इससे स्थानीय कुम्हारों के चेहरों पर भी खुशी और संतोष की मुस्कान दिखाई दी।

धनतेरस की खरीदारी में ज्वेलरी और बर्तन की दुकानों पर भी ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही। दुकानदारों के लिए त्योहार का यह अवसर कारोबार में नई ऊर्जा लेकर आया। बाजार की सजावट और ग्राहकों की उत्सुकता ने पूरे चांडिल को दीपोत्सव के रंग में रंग दिया।

बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए चांडिल पुलिस की ओर से मुख्य सड़क पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

कुल मिलाकर धनतेरस ने चांडिल के बाजारों में रौनक के साथ स्थानीय कारोबार और पारंपरिक कारीगरों के उत्साह को भी नई चमक दी। मिट्टी के दीपों की खरीदारी ने यह संदेश भी दिया कि आधुनिकता के बीच हमारी पारंपरिक संस्कृति और स्थानीय कारीगरों की मेहनत आज भी लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखती है।

जमीनी आवाज | खबरें जमीन की जमाने की