सरायकेला। चौका थाना क्षेत्र के चौका-पातकुम मुख्य सड़क पर बालाजी हॉस्पिटल के समीप मंगलवार शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खेत से लौट रही थीं महिला, तभी हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रुगड़ी निवासी भवानी महतो खेत में काम करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान चौका की ओर से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला के साथ बाइक सवार युवक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल बाइक सवार की पहचान मिरुडीह, चौका निवासी बुद्धेश्वर टुडू के रूप में हुई है। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय नेता की तत्परता से मिला इलाज
घटना के बाद दोनों घायल सड़क पर पड़े तड़प रहे थे। इसी बीच भाजपा युवा नेता आकाश महतो मौके पर पहुंचे और तत्काल चौका थाना पुलिस तथा घायलों के परिजनों को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद आकाश महतो और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए चांडिल उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां दोनों का उपचार जारी है।
तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि चौका-पातकुम रोड पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने सड़क पर यातायात व्यवस्था और वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग की है।





