सरायकेला। जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में लोकतांत्रिक भागीदारी और मतदाता जागरूकता को मजबूत करने की पहल तेज कर दी गई है। सूचना भवन, सरायकेला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में Electoral Literacy Club (ELC) के गठन एवं संचालन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हर संस्थान में ELC कोऑर्डिनेटर नामित करने का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रधानाध्यापकों एवं संस्थान प्रमुखों को अपने-अपने विद्यालय और महाविद्यालय में Electoral Literacy Club का गठन अथवा पुनर्गठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक संस्थान में एक शिक्षक को ELC का कोऑर्डिनेटर नामित करने को कहा गया।
18 साल पूरे करने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण प्राथमिकता
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग लोकतंत्र की महत्वपूर्ण ताकत है और विद्यार्थियों में मतदान के अधिकार तथा लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता पैदा करने में ELC की भूमिका महत्वपूर्ण है।
पोस्टर से लेकर मॉक कोर्ट और रील प्रतियोगिता तक
ELC के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल मतदाता पंजीकरण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि Chromocracy Poster Challenge, Demos Theatre नुक्कड़ नाटक, Jurisballot Mock Court, Vox Populi वाद-विवाद, Polis Protocol Solution Lab, ElectraQuest Quiz और CineVote60 Reel Competition जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बेहतर काम करने वाले संस्थानों को मिलेगा सम्मान
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि Form-6 के माध्यम से उत्कृष्ट मतदाता पंजीकरण कराने वाले तथा ELC की गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। सभी संस्थानों को गतिविधियों की फोटो, वीडियो एवं विस्तृत रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।





