सरायकेला। ईचागढ़ प्रखंड के कुकड़ू हाटताला में सोमवार को आस्था, उल्लास और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला। श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति सोलोआना के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय गणेश मेला एवं भव्य पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे क्षेत्र में गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सामाजिक एकजुटता का बड़ा मंच
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि कुकड़ू का गणेश मेला अब क्षेत्र की धार्मिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मेले का आनंद लेने की अपील की।
झारखंड में बना रहा अलग पहचान
वहीं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार साहू ने कहा कि कुकड़ू का गणेश मेला चांडिल अनुमंडल के बड़े गणेश मेलों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। समिति और क्षेत्र के लोगों की एकजुटता इसी तरह बनी रही तो आने वाले वर्षों में यह मेला पूरे झारखंड में अपनी पहचान स्थापित कर सकता है।
भव्य पंडाल और श्रद्धालुओं की भीड़
समिति की ओर से इस वर्ष आकर्षक एवं भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, मनोरंजन के साधन और अन्य आकर्षण लोगों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। लोगों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार, सचिव मनोज कुमार मछुआ, उपाध्यक्ष सौरभ सिंह, कोषाध्यक्ष कार्तिक पोद्दार समेत समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उद्घाटन समारोह में सैकड़ों श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





