सरायकेला। जिला परिषद सभागार में स्थायी समिति की अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की अध्यक्षता में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार और नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

शिक्षकों की उपस्थिति और स्कूल सुविधाओं पर जोर

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई की गुणवत्ता, विद्यालय भवन की स्थिति, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता तथा शिक्षकों के स्थानांतरण जैसे मुद्दे उठाए गए। जिला परिषद उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

अस्पतालों में दवा और सफाई व्यवस्था की समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और उप स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति पर चर्चा हुई। बैठक में अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की समीक्षा की गई।

सर्पदंश को लेकर भी सतर्कता

बरसात के मौसम में बढ़ने वाली सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए बैठक में इस मुद्दे पर भी विशेष चर्चा हुई। मधुश्री महतो ने बताया कि जिले के सभी PHC में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है और झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय बिना समय गंवाए मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की अपील की।

कुकड़ू में बनेगा नया PHC भवन

बैठक में कुकड़ू प्रखंड में प्रस्तावित नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। 15वें वित्त आयोग के माध्यम से नए PHC भवन की स्वीकृति मिल चुकी है, इसके लिए करीब 1.96 एकड़ जमीन उपलब्ध है तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यादेश भी जारी किया जा चुका है। बैठक में स्थायी समिति सदस्य झिंगी हेंब्रम, मालती देवगम, सुभाषिनी सिंह मुंडा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार, डॉ. अनिर्बान महतो समेत विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।