जमीनी आवाज | घाटशिला
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के घाटशिला स्थित संपर्क कार्यालय, फूलडुंगरी में सोमवार को विधायक सोमेश चंद्र सोरेन की मौजूदगी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में बताया गया कि 4 अगस्त को झारखंड आंदोलन के महानायक, दिशोम गुरु एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की सभी 56 पंचायतों में पंचायत अध्यक्षों के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। पूरे राज्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि दिशोम गुरु के जीवन, संघर्ष, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान तथा सामाजिक न्याय के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अभियान भी बनेगा। इसके लिए सभी प्रखंड संपर्क कार्यालयों में भी श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।
विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन का संघर्ष केवल अलग झारखंड राज्य के निर्माण तक सीमित नहीं था, बल्कि जल, जंगल, जमीन और वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका जीवन समर्पित रहा। उनके विचार आज भी झारखंड की पहचान और विकास की दिशा तय करते हैं।
प्रेस वार्ता में यह भी जानकारी दी गई कि जमशेदपुर से चाकुलिया तक "गुरुजी रथ" निकाला जाएगा। इस रथ यात्रा के माध्यम से दिशोम गुरु के संघर्ष, विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके योगदान से प्रेरणा ले सके।
झामुमो नेताओं ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में शामिल होकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों के झारखंड के निर्माण का संकल्प लें।





