कांकेर में रसोई का मेहमान बना जंगली भालू, कनस्तर से तेल निकालकर पी गया!
खाने की तलाश में घर में घुसा भालू, रसोई में पहुंचते ही तेल पर टूट पड़ा
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाके में पहुंचे एक जंगली भालू ने ऐसा कारनामा कर दिया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। खाने की तलाश में घर की रसोई तक पहुंचे भालू की नजर वहां रखे तेल के कनस्तर पर पड़ी। इसके बाद भालू ने कनस्तर से तेल निकाला और उसे पीने लगा।
भालू के इस अनोखे अंदाज की तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह रसोई में तेल पीता हुआ दिखाई दे रहा है। सामान्य तौर पर भोजन की तलाश में आबादी में आने वाले जंगली जानवरों की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन रसोई में घुसकर तेल पीते भालू का यह दृश्य लोगों के लिए खासा चौंकाने वाला है।
जंगल और बस्ती के बीच घटती दूरी

कांकेर के जंगलों से सटे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही कोई नई बात नहीं है। भोजन और पानी की तलाश में जंगली जानवर कई बार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच जाते हैं। ऐसे में ग्रामीण और स्थानीय लोगों के लिए सावधानी बेहद जरूरी है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि जंगल और इंसानी बस्तियों के बीच घटता फासला वन्यजीवों को आखिर कितनी दूर तक आबादी में खींच ला रहा है?
फिलहाल, रसोई में तेल पीते भालू की तस्वीर सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। जमीनी आवाज लोगों से अपील करता है कि ऐसे मामलों में जंगली जानवर के करीब जाने, उसे छेड़ने या भीड़ लगाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।





