घाटशिला के काशीदा में मां की हत्या से सनसनी

पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के काशीदा स्थित न्यू कॉलोनी में मां की हत्या के मामले ने इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस के अनुसार, 34 वर्षीय गोवर्धन गोस्वामी ने अपनी 55 वर्षीय मां उमा गोस्वामी की हत्या कर शव को घर के कमरे में छिपा दिया। इतना ही नहीं, पुलिस का दावा है कि आरोपी कई दिनों तक शव को कमरे में छिपाकर बाहर से खाना लाता और दूसरे कमरे में सोता रहा।

पुलिस के मुताबिक घटना 19 सितंबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे की है। मृतका उमा गोस्वामी घाटशिला अनुमंडल अस्पताल की सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थीं और अपने बेटे गोवर्धन के साथ न्यू कॉलोनी स्थित घर में रहती थीं।

बीमार मां को अस्पताल ले जाने की बात कहकर निकला, रास्ते में कर दी हत्या

प्रेस रिलीज में पुलिस ने शिकायतकर्ता के हवाले से बताया है कि 19 सितंबर की सुबह उमा गोस्वामी की तबीयत खराब हुई थी। उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए बेटा गोवर्धन उनके साथ निकला। आरोप है कि रास्ते में उसने लकड़ी के कुंदे से अपनी मां के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद कथित तौर पर शव को घर लाकर एक कमरे में रख दिया गया और कमरे को बाहर से बंद कर दिया गया।

तीन दिन तक घर में छिपा रहा मौत का राज

घटना के बाद 19 से 21 सितंबर तक पड़ोसियों को मृतका के घर से कोई हलचल या आवाज सुनाई नहीं दी। 21 सितंबर की रात जब बेटी और उसके परिजन शालूडीह से मां को देखने पहुंचे तो घर अंदर से बंद मिला।

पुलिस के अनुसार, मृतका के पुत्र गोवर्धन ने दरवाजा खोला। अंदर प्रवेश करने पर कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। जब परिजनों ने कमरे की जांच की तो मृतका का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

शव छिपाकर उसी घर में रह रहा था आरोपी!

मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी कई दिनों तक उसी घर में मौजूद रहा। उसने कथित तौर पर कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी और शव को उसी कमरे में छोड़ दिया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी पिछले तीन-चार दिनों से घर के दूसरे कमरे में सो रहा था, बाहर से खाना खाकर आता था और घर के अंदर छिपा रहता था।

22 सितंबर को दर्ज हुआ मामला, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

घाटशिला थाना में कांड संख्या 56/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) हत्या और 238(a) साक्ष्य छिपाने के तहत मामला दर्ज किया है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर प्रेम कुमार निषाद को दी गई है।

पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल के माध्यम से एमजीएम भेजा गया। वहीं मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस के सामने अपराध स्वीकार करने का दावा, हथियार भी बरामद

पुलिस प्रेस रिलीज के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध स्वीकार करने संबंधी बयान दिया। पुलिस ने उसके कथित निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का कुंदा बरामद किया है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में घाटशिला थाना प्रभारी भूषण कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

जमीनी आवाज का सवाल

जमीनी आवाज की नजर में सवाल सिर्फ एक हत्या का नहीं है—आखिर मां और बेटे के बीच ऐसा क्या हुआ कि घर की चारदीवारी के भीतर एक जिंदगी खत्म हो गई और कई दिनों तक मौत का राज दबा रहा? पुलिस जांच अब इन सवालों के जवाब तलाश रही है।

नोट: आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप पुलिस द्वारा जारी प्रेस रिलीज और दर्ज प्राथमिकी पर आधारित हैं। मामले में अंतिम सत्य न्यायालयीन प्रक्रिया से निर्धारित होगा।