घाटशिला थाना में नेतृत्व परिवर्तन

घाटशिला थाना अब एक नए नेतृत्व के साथ अपराध के खिलाफ अपनी अगली पारी शुरू करने जा रहा है। घाटशिला के थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा का तबादला जमशेदपुर के परसुडीह थाना में किया गया है। उनकी जगह भूषण कुमार ने घाटशिला थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली है।

राजेंद्र मुंडा के कार्यकाल की चर्चा

राजेंद्र कुमार मुंडा के कार्यकाल की बात करें तो हाल के दिनों में उन्होंने साइबर अपराध, नशे और युवा पीढ़ी से जुड़े गंभीर सवालों पर जिस स्पष्टता के साथ अपनी बात रखी, उसकी चर्चा आम लोगों के बीच हुई। विगत दिनों जगदीश चंद्र हाई स्कूल के आशा ऑडिटोरियम में आयोजित विभूति उत्सव के दौरान उनका संबोधन खास तौर पर चर्चा का विषय बना था, जिसमें उन्होंने साइबर अपराध और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर माता-पिता की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए थे।

अब राजेंद्र मुंडा ने परसुडीह की जिम्मेदारी संभाली है। जमीनी आवाज की ओर से उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं।

साइबर अपराध की समझ रखने वाले नए थाना प्रभारी

घाटशिला के नए थाना प्रभारी भूषण कुमार के लिए यह क्षेत्र पूरी तरह नया नहीं है। वे इससे पहले जमशेदपुर में साइबर क्राइम विभाग से जुड़े रहे हैं। घाटशिला में साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच चुके इस अपराध को देखते हुए उनका यहां आना महत्वपूर्ण माना जा सकता है।

जमीनी आवाज के संवाददाता से बातचीत में थाना प्रभारी भूषण कुमार ने पदभार संभालने के बाद सबसे पहले जिस बात पर जोर दिया, वह थी—अपराध और नशे के खिलाफ सिर्फ पुलिस नहीं, बल्कि समाज और परिवार को भी आगे आना होगा। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि "माता-पिता को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।"

पद संभालते ही सड़क पर पुलिस की सक्रियता

थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही घाटशिला में पुलिस की चेकिंग भी शुरू हुई। वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने, गति नियंत्रित रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। यह पहल ऐसे समय में हुई है, जब घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाएं भी चिंता का विषय बनी हुई हैं।

भूषण कुमार ने संकेत दिया कि अपराध, नशा और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर नरमी नहीं बरती जाएगी। हालांकि पुलिस की सफलता केवल कार्रवाई से नहीं, बल्कि जनता के सहयोग से भी तय होगी।

भरोसा ही बनेगा असली सुरक्षा कवच

घाटशिला में साइबर अपराध से लेकर नशे के कारोबार और सड़क सुरक्षा तक कई चुनौतियां सामने हैं। ऐसे में नए थाना प्रभारी के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे को और मजबूत करना भी होगी। साइबर ठगी के मामलों में ग्रामीणों और बुजुर्गों को जागरूक करना, युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवारों के साथ संवाद करना और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाना—ये ऐसे क्षेत्र हैं जहां पुलिस और समाज साथ मिलकर काम करें तो सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।

राजेंद्र कुमार मुंडा को परसुडीह थाना की नई जिम्मेदारी और भूषण कुमार को घाटशिला थाना की कमान संभालने पर 'जमीनी आवाज' परिवार की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं। उम्मीद यही है कि दोनों अधिकारी अपनी-अपनी नई जिम्मेदारियों में जनता के विश्वास पर खरे उतरेंगे।