चुनावी मौसम दस्तक दे रहा है और इसके साथ ही राजनीतिक दलों के दावे, वादे और बयान भी तेज होने लगे हैं। ऐसे समय में जमीनी आवाज अब खबरों को केवल नेताओं के मंच और राजनीतिक बयानों तक सीमित रखने के बजाय सीधे जनता के बीच ले जाने जा रही है।
इसी उद्देश्य से जमीनी आवाज अपनी विशेष चुनावी श्रृंखला “जमीन का मिजाज” शुरू करने जा रही है। इस श्रृंखला का मकसद किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बनाना नहीं, बल्कि यह जानना होगा कि जमीन पर जनता क्या सोच रही है, उसके असली सवाल क्या हैं और चुनाव में उसके लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे कौन से हैं।
“जमीन क्या कहती है?” — सवाल सीधे जनता से
इस विशेष श्रृंखला में गांव की चौपाल से लेकर शहर के मोहल्लों तक लोगों के बीच पहुंचकर सवाल पूछे जाएंगे। सड़क, पानी, बिजली, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पलायन, किसानों की समस्याएं, युवाओं की उम्मीदें और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों पर जनता की बात सामने लाई जाएगी।
जमीनी आवाज का सवाल सीधा होगा—नेताओं के भाषण में क्या कहा जा रहा है, यह बाद में; जमीन पर जनता क्या कह रही है, पहले।
“जनता की नब्ज” भी बनेगी रिपोर्टिंग का हिस्सा
“जमीन का मिजाज” केवल चुनावी भीड़ या नारों को देखने तक सीमित नहीं रहेगा। कोशिश होगी कि अलग-अलग वर्गों और क्षेत्रों की आवाज सामने आए। युवा क्या चाहते हैं? महिलाएं किन मुद्दों को प्राथमिकता देती हैं? किसान की परेशानी क्या है? कारोबारी क्या कह रहे हैं? मजदूर की चिंता क्या है? गांव और शहर के मतदाता की प्राथमिकताओं में कितना अंतर है?
इन सवालों के जवाब “जनता की नब्ज” के रूप में सामने लाने की कोशिश की जाएगी।
न कोई सर्वे का दावा, न किसी के पक्ष में फैसला
जमीनी आवाज की यह श्रृंखला किसी चुनावी परिणाम का अनुमान लगाने या किसी उम्मीदवार को विजेता घोषित करने के लिए नहीं होगी। यह जनता की बात, स्थानीय मुद्दों और क्षेत्रीय परिस्थितियों को सामने रखने का प्रयास होगी।
क्योंकि चुनाव में अंतिम फैसला जनता का होता है और पत्रकार का काम उस आवाज को ईमानदारी से सामने रखना है।
चौपाल से शहर तक—सवाल वही, जवाब जनता का
जमीनी आवाज का मानना है कि चुनाव केवल राजनीतिक मंचों पर नहीं लड़े जाते। चुनाव की असली तस्वीर गांव की चौपाल, खेत की मेड़, बाजार की दुकान, मजदूर की बस्ती, कॉलेज के परिसर और शहर के मोहल्लों में भी दिखाई देती है।
इसीलिए इस बार सवाल होगा—
“जमीन का मिजाज क्या है?”
और जवाब तलाशेगी जमीनी आवाज।