सरायकेला। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने बुधवार, 16 सितंबर को खरसावां थाना क्षेत्र के मधुसाई गांव में छापेमारी कर एक चुलाई शराब अड्डे को ध्वस्त किया।


5,000 किलो महुआ और 40 लीटर शराब जब्त
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 5,000 किलो जावा महुआ और 40 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद कर जब्त की। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे अड्डे को भी ध्वस्त कर दिया गया। मामले में संचालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और लोगों को इसके दुष्प्रभावों से बचाना है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अवैध शराब का सेवन न करें और न ही ऐसे कारोबार को किसी प्रकार का सहयोग दें।
गुप्त सूचना देने के लिए नंबर जारी
प्रशासन ने अवैध शराब से जुड़ी सूचना देने के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सरायकेला एवं चांडिल क्षेत्र के लिए 96316 85811 तथा आदित्यपुर अंचल के लिए 90313 80385 नंबर जारी किया गया है।





