3 नवंबर को कलाइकुंडा एयरबेस से सड़क मार्ग द्वारा बहरागोड़ा होते हुए रायरंगपुर जाने का था कार्यक्रम, फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में विश्राम की थी तैयारी
जमीनी आवाज | विशेष रिपोर्ट
बहरागोड़ा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित रायरंगपुर का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया गया है। 3 से 5 नवंबर तक निर्धारित इस दौरे के रद्द होने की खबर के साथ ही झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में उनके प्रस्तावित ठहराव का कार्यक्रम भी टल गया है।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति का 3 नवंबर को दिल्ली से विशेष विमान द्वारा पश्चिम बंगाल के कलाइकुंडा एयरबेस पहुंचने का कार्यक्रम था। इसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से बहरागोड़ा होते हुए ओडिशा के रायरंगपुर जाना था।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत बहरागोड़ा स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में उनके दोपहर के भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई थी। वापसी के दौरान 5 नवंबर को भी इसी गेस्ट हाउस में ठहराव प्रस्तावित था।
प्रशासन ने शुरू कर दी थी तैयारियां
राष्ट्रपति के संभावित आगमन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। उपायुक्त राजीव रंजन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब और जिला वन पदाधिकारी शबा आलम ने बहरागोड़ा फॉरेस्ट गेस्ट हाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया था।
हालांकि, 31 अक्टूबर को ओडिशा के समाचार माध्यमों में प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, प्रतिकूल मौसम की आशंका को देखते हुए राष्ट्रपति का रायरंगपुर दौरा रद्द कर दिया गया है। इसके बाद बहरागोड़ा में प्रस्तावित स्वागत और सुरक्षा तैयारियों पर भी विराम लग गया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रम की संभावना
प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, 4 नवंबर को राष्ट्रपति भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रायरंगपुर में कुछ विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि आवश्यक है।
फिलहाल राष्ट्रपति के नए दौरे की तारीख को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी संशोधित कार्यक्रम की प्रतीक्षा की जा रही है।
जमीनी आवाज | खबरें जमीन की जमाने की