घनी आबादी में शराब दुकान का विरोध, ग्रामीणों की शिकायत जनता दरबार पहुंची
खुले में शराब सेवन और कथित असामाजिक गतिविधियों से ग्रामीण परेशान, दुकान हटाने की मांग
छोटा गम्हरिया पंचायत के घनी आबादी वाले क्षेत्र में संचालित विदेशी शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों का विरोध अब जिला प्रशासन के जनता दरबार तक पहुंच गया है। ग्रामीणों ने शराब दुकान को आबादी वाले क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित करने के साथ-साथ दुकान के आसपास खुले में शराब सेवन और कथित असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में छोटा गम्हरिया के ग्रामीणों ने आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान के आसपास खाली जमीन पर खुलेआम शराब सेवन के कारण अक्सर लोगों की भीड़ जमा रहती है। आरोप है कि शराब सेवन के बाद गाली-गलौज, झगड़ा और मारपीट जैसी स्थिति उत्पन्न होती रहती है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्कूल-मंदिर के पास दुकान, सुरक्षा पर चिंता
ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि शराब दुकान के आसपास पंचायत सचिवालय, स्कूल, मंदिर सहित कई सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थल मौजूद हैं। ऐसे में दुकान के आसपास होने वाली गतिविधियों को लेकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर भी चिंता जताई गई है।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि शराब दुकान खोले जाने से पूर्व ग्रामसभा की सहमति नहीं ली गई। उन्होंने दुकान के लाइसेंस, अनुमति तथा संबंधित वैधानिक प्रक्रियाओं की जांच कराने की मांग प्रशासन से की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायत की जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जरूरत पड़ने पर स्थल निरीक्षण करने और कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
सड़क पर बह रहा फ्लैट का गंदा पानी भी बना परेशानी
जनता दरबार में छोटा गम्हरिया स्थित केरला पब्लिक स्कूल के समीप फ्लैट से निकलने वाले गंदे पानी के सड़क पर बहने की शिकायत भी सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि गंदा पानी सड़क पर अत्यधिक बहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त ने इस शिकायत पर भी संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।





