बिष्टुपुर में 27 से 29 सितंबर तक सजेगा कंज्यूमेक्स व्यापार मेला 2026
दुर्गापूजा-दीपावली के बाजार को मिलेगा नया रंग, विभिन्न शहरों की महिला उद्यमी लगाएंगी स्टॉल
दुर्गापूजा और दीपावली के त्योहारों की खरीदारी को ध्यान में रखते हुए मारवाड़ी महिला मंच, जमशेदपुर शाखा की ओर से तीन दिवसीय कंज्यूमेक्स व्यापार मेला 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी सह बिक्री का यह मेला 27 से 29 सितंबर तक बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में चलेगा। मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

मेले का उद्घाटन 27 सितंबर, रविवार को शाम 4 बजे झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की अध्यक्ष प्रभा पड़िया करेंगी। आयोजन को लेकर संस्था की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कई शहरों की महिला उद्यमी पहुंचेंगी जमशेदपुर
कंज्यूमेक्स में जमशेदपुर के अलावा कोलकाता, रांची, झारसुगुड़ा, धनबाद, चाईबासा, बलरामपुर और पुरुलिया सहित विभिन्न शहरों की महिला उद्यमी अपने उत्पादों के साथ स्टॉल लगाएंगी। मेले में घरेलू उपयोग की वस्तुएं, आकर्षक परिधान, आभूषण, सजावटी सामान, खान-पान से जुड़ी सामग्री सहित विभिन्न प्रकार के उत्पाद लोगों को उपलब्ध होंगे।
खरीदारी के साथ महिला उद्यमिता को मिलेगा मंच
मारवाड़ी महिला मंच की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, सचिव कंचन खीरवाल और कोषाध्यक्ष सरस्वती अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कंज्यूमेक्स का उद्देश्य केवल प्रदर्शनी और बिक्री तक सीमित नहीं है। यह महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद, हुनर और व्यवसाय को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देता है।
संस्था के अनुसार, ऐसे आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और अपने हुनर को व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। मंच ने शहरवासियों से सपरिवार कंज्यूमेक्स मेले में पहुंचने और महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।





