जमशेदपुर..... विजय कुमार गोप


सोनारी क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मानवीय पहल की शुरुआत की गई है। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के सौजन्य एवं सहयोगियों के सहयोग से निःशुल्क शव मुक्ति धाम वाहन सेवा का शुभारंभ वीर मंच मैदान, सोनारी से किया गया।

इस सेवा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अंतिम यात्रा के लिए निःशुल्क वाहन उपलब्ध कराना है, ताकि अपनों को खोने के कठिन समय में उन्हें वाहन की व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त परेशानी न उठानी पड़े।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि किसी अपने को खोना परिवार के लिए बेहद दुखद क्षण होता है। ऐसे समय में अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी परिजनों के लिए चुनौती बन जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सेवा शुरू की गई है, ताकि आर्थिक परेशानी किसी परिवार की अंतिम यात्रा में बाधा न बने।

इस सेवा का संचालन कांग्रेस पार्टी सोनारी मंडल, जमशेदपुर द्वारा किया जाएगा। मंडल की ओर से जरूरतमंद परिवारों तक सेवा पहुंचाने और आवश्यकता के समय यथासंभव तत्काल सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल को सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना से जुड़ा कदम बताया। कांग्रेस सोनारी मंडल की ओर से सेवा को संभव बनाने के लिए बन्ना गुप्ता एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में हरेंद्र सिन्हा, अर्जुन लाल शर्मा, रामदेव राम, अनूप डेनियल, राजेश अड़़कने, मुन्ना यादव, कृष्ण लाल लोधी, लक्ष्मण यादव, शम्भू ठाकुर, रणजीत सिंह, मिशेल अनीता ईयर, वीरेंद्र वर्मा, मनीष सिंह, किशोर यादव, देवेंद्र प्रसाद सिंह, बबुआ झा, संजय तिवारी, प्रभात ठाकुर, बबन शुक्ला सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सोनारी कांग्रेस मंडल के सदस्य मौजूद रहे।