पैगंबर हज़रत मुहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को सेवा के माध्यम से किया जीवंत — प्रेम, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद का दिया संदेश

घाटशिला। जमीनी आवाज के सहयोगी मोहम्मद सोहेल की रिपोर्ट

ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक अवसर पर जहां मुस्लिम समाज ने पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मुहम्मद ﷺ की पैदाइश की खुशी मनाई, वहीं अल ख़ैर मस्जिद कमेटी, नवाब कोठी ने इस पवित्र अवसर को मानव सेवा से जोड़ते हुए एक सराहनीय पहल की। कमेटी की ओर से घाटशिला अनुमंडल सदर अस्पताल में इलाजरत मरीजों के बीच फल का वितरण किया गया।

यह पहल महज फल वितरण तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से पैगंबर हज़रत मुहम्मद ﷺ के उस मानवीय संदेश को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिसमें प्रेम, सेवा, भाईचारा, जरूरतमंदों की सहायता और इंसानियत को विशेष महत्व दिया गया है।

कमेटी के सदस्यों ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी ﷺ केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि पैगंबर हज़रत मुहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। इसी सोच के साथ अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण का निर्णय लिया गया, ताकि बीमारी की स्थिति में इलाज करा रहे लोगों तक भी सेवा और सद्भावना का संदेश पहुंच सके।

इस सेवा कार्य में घाटशिला अनुमंडल सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शंकर टुडू का सहयोग एवं मार्गदर्शन भी विशेष रूप से सराहनीय रहा। उनके सहयोग से कमेटी के सदस्यों को मरीजों तक पहुंचकर सेवा कार्य को व्यवस्थित रूप से पूरा करने में सुविधा मिली।

फल वितरण कार्यक्रम में हाजी मो. सदरूद्दीन, सकिल अहमद, मो. असलम, नूर हसन, अरशे आलम तथा इमाम मो. दाऊद कासमी सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे और सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।

अल ख़ैर मस्जिद कमेटी के सदस्यों ने कहा कि मानव सेवा, जरूरतमंदों की मदद और समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारा कायम करना ही पैगंबर हज़रत मुहम्मद ﷺ की शिक्षाओं के प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान है। कमेटी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी सामाजिक सरोकार और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

ईद मिलादुन्नबी ﷺ के अवसर पर अस्पताल में मरीजों के बीच पहुंचकर की गई यह पहल घाटशिला में धर्म से ऊपर इंसानियत और सेवा की भावना को मजबूत करने वाली एक सकारात्मक मिसाल के रूप में सामने आई।