मुसाबनी/घाटशिला। संवाददाता

झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के डुमरिया आगमन के दौरान मंगलवार को मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत सूरदा क्रॉसिंग चौक झामुमो कार्यकर्ताओं के उत्साह और नारों से गूंज उठा। पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड में उपस्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे स्वास्थ्य मंत्री का यहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला एवं प्रखंड कमिटी के कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने किया। इस अवसर पर बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा पोटका विधायक संजीव सरदार भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत के लिए जिला कमिटी के पदाधिकारी एवं सदस्य के साथ-साथ मुसाबनी प्रखंड कमिटी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सूरदा क्रॉसिंग पहुंचे थे। मंत्री के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया और पार्टी के प्रति अपनी एकजुटता एवं उत्साह का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में आगमन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने और आम लोगों तक बेहतर चिकित्सा व्यवस्था पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

मौके पर झामुमो के जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थक उपस्थित रहे। सूरदा क्रॉसिंग पर हुए इस स्वागत कार्यक्रम ने एक बार फिर क्षेत्र में झामुमो संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की एकजुटता का संदेश दिया।