कोकपाड़ा में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे
गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर धालभूमगढ़ प्रखंड के कोकपाड़ा में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कुचला स्टेडियम ग्रुप की ओर से आयोजित श्रीश्री गणेश पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया।


क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना
भगवान श्री गणेश के समक्ष माथा टेकते हुए कुणाल षाड़ंगी ने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं, उनकी कृपा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो और हर परिवार के जीवन से संकट दूर हों।
श्रद्धालुओं से गुलजार रहा पंडाल
उद्घाटन के दौरान पंडाल परिसर श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच लोगों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। गणेशोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
समाज को जोड़ने का माध्यम बने धार्मिक आयोजन
इस अवसर पर कुणाल षाड़ंगी ने पूजा समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम हैं।
कार्यक्रम में पूजा समिति के राहुल राउत, सागर सामल, सजल राउत, रंजन डिगार, अरूप राउत, सागर शिट, रिकी नमाता, मानस पांझा, सानू शॉ एवं राज सामल सहित समाजसेवी रामानंद गोस्वामी एवं अजय साह मौजूद रहे। पूजा समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से उत्साह और श्रद्धा के साथ गणेशोत्सव में शामिल होने की अपील की।





