झालदा-1 के कुशि-पापड़ाहुडुम बूथ पर महिलाओं की धन्यवाद रैली; सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो समेत भाजपा नेताओं की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह
पुरुलिया। विजय कुमार गोप की रिपोर्ट
आसमान से लगातार बारिश बरस रही थी, सड़कें भीग रही थीं, लेकिन अन्नपूर्णा योजना का लाभ मिलने की खुशी और आभार जताने का उत्साह महिलाओं के कदम नहीं रोक सका। सोमवार को पुरुलिया जिले के झालदा-1 प्रखंड अंतर्गत नावाडी अंचल के कुशि-पापड़ाहुडुम बूथ पर बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतरीं और बारिश के बीच धन्यवाद ज्ञापन रैली निकालकर सरकार के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
बारिश को चुनौती देती महिलाओं की यह पथ मिछिल इलाके में चर्चा का विषय बनी रही। महिलाओं ने अन्नपूर्णा योजना के तहत मिलने वाले प्रतिमाह 3 हजार रुपये के अनुदान को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
आयोजकों के अनुसार, योजना का लाभ मिलने के बाद लाभार्थी महिलाओं ने स्वतःस्फूर्त रूप से एकजुट होकर धन्यवाद रैली निकालने का निर्णय लिया। रैली में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने यह साफ कर दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जब सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचता है तो उसका असर केवल सरकारी आंकड़ों में नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी और उत्साह में भी दिखाई देता है।
इस अवसर पर पुरुलिया के सांसद सह प्रदेश भाजपा महामंत्री ज्योतिर्मय सिंह महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर महतो, स्थानीय विधायक रहिदास महतो सहित पार्टी के मंडल स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
लगातार बारिश के बावजूद महिलाओं के जोश में कोई कमी नहीं दिखी। सड़क पर उमड़ी भीड़ और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने रैली को एक अलग ऊर्जा दी। लाभार्थियों ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनी है।
कुशि-पापड़ाहुडुम की यह तस्वीर केवल एक रैली की नहीं, बल्कि बारिश के बीच भी अपने लाभ और अधिकार को लेकर जागरूक महिलाओं के उत्साह की तस्वीर बनकर सामने आई। सोमवार को आसमान भले ही पानी बरसाता रहा, लेकिन सड़क पर महिलाओं का जोश और आभार का स्वर लगातार बुलंद होता रहा।





