गिरिडीह/जमशेदपुर।
झारखंड की राजनीति के लिए रविवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं गिरिडीह सदर के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही गिरिडीह सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात गिरिडीह स्थित अपने आवास पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल गिरिडीह के निजी मरसी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के भरसक प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हृदयाघात को निधन का कारण बताया जा रहा है।
लगातार दूसरी बार बने थे विधायक
सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दो बार विधायक चुने गए। वर्ष 2019 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव जीता और 2024 में एक बार फिर जनता का विश्वास हासिल किया। इसके बाद उन्हें हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी मिली, जिसमें उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे विभाग शामिल थे।
अंतिम समय तक रहे सक्रिय
निधन से कुछ घंटे पहले तक सुदिव्य कुमार सोनू सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय थे। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भी उनकी मौजूदगी रही थी। गिरिडीह के इस्लामिया उर्दू मिडिल स्कूल के शताब्दी समारोह में उन्होंने स्कूलों को कंप्यूटर सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया था।
जमीनी आवाज परिवार गहरे शोक में
सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन की खबर से जमीनी आवाज की पूरी टीम बेहद दुखी और मर्माहत है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार, समर्थकों तथा झारखंड की जनता को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।





