Date: घाटशिला, 2 अगस्त। Author: असित भट्टाचार्य
घाटशिला रेलवे स्टेशन परिसर में टेंपू चालकों पर प्रतिदिन कथित रूप से "एक कैश" लेने का दबाव बनाए जाने की शिकायत को लेकर क्षेत्रीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने त्वरित पहल करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के प्रभारी से मुलाकात की। विधायक के हस्तक्षेप के बाद RPF की ओर से भविष्य में किसी भी चालक के साथ अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होने का आश्वासन दिया गया।
टेंपू चालकों ने विधायक को बताया कि RPF की ओर से प्रतिदिन एक कैश लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि इससे वे मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं और रोज़मर्रा के कामकाज में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
चालकों ने अपनी आर्थिक स्थिति का भी हवाला देते हुए कहा कि कई ट्रेनों के समय पर नहीं चलने के कारण उनकी आमदनी पहले ही काफी प्रभावित हो चुकी है। ऐसे हालात में इस प्रकार का कथित दबाव उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक बोझ बन गया है। उन्होंने विधायक से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक सोमेश चंद्र सोरेन सीधे घाटशिला स्टेशन पहुंचे और RPF प्रभारी पी. के. कश्यप से विस्तृत वार्ता कर टेंपू चालकों की समस्याओं से अवगत कराया। बातचीत के दौरान विधायक ने स्पष्ट कहा कि मेहनतकश टेंपू चालकों के साथ किसी भी प्रकार का अनावश्यक उत्पीड़न स्वीकार्य नहीं है और कानून का पालन करते हुए मानवीय दृष्टिकोण भी बनाए रखा जाना चाहिए।
वार्ता के बाद RPF प्रभारी ने विधायक को आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी टेंपू चालक के साथ अनावश्यक कार्रवाई या उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा तथा सभी मामलों में नियमों के अनुरूप और निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में टेंपू चालक मौजूद रहे। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कई कार्यकर्ताओं ने भी चालकों की मांगों का समर्थन करते हुए उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।
टेंपू चालकों ने विधायक के त्वरित हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब उन्हें बिना किसी अनावश्यक दबाव के सम्मानपूर्वक अपना रोजगार करने का अवसर मिलेगा।





