रांची, जमीनी आवाज।
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं एवं धांधली के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में सोमवार को सत्याग्रह धरना का दसवां दिन और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का दूसरा दिन जारी रहा।
भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो ने घोषणा की कि 4 अगस्त को उनकी भूख हड़ताल झारखंड आंदोलन के महानायक शिबू सोरेन की पुण्यतिथि को समर्पित रहेगी। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु के संघर्ष, त्याग और जनहित के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर वे झारखंड के छात्रों के न्यायपूर्ण भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनका कहना था कि गुरुजी के आदर्श और संघर्ष छात्रों के अधिकारों की इस लड़ाई को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते रहेंगे।
देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य सरकार से मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रियाओं से जुड़े विवादों पर शीघ्र, पारदर्शी और ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि राज्य के लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य और व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रहा है।
गौरतलब है कि 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि है। ऐसे में छात्र आंदोलन ने अपनी इस लड़ाई को गुरुजी की स्मृति और उनके संघर्षों को समर्पित करते हुए इसे सामाजिक न्याय और युवाओं के अधिकारों के व्यापक अभियान के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।




