चांडिल-मुरी रेलखंड पर करारगामा के समीप हादसा, मृतक की पहचान हाइतिरूल निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में
सरायकेला। संवाददाता
चांडिल-मुरी रेलखंड पर झिमरी और हेसालोंग रेलवे स्टेशन के बीच करारगामा गांव के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना रेलवे अंडरपास के पास हुई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के हाइतिरूल गांव निवासी चैतन सिंह मुंडा उर्फ गुजरु के रूप में हुई है। बताया जाता है कि चैतन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मां विधवा हैं। वह बाहर रहकर काम करता था और कुछ दिन पहले ही अपने गांव वापस लौटा था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने रेलवे पुलिस और नीमडीह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किस ट्रेन की चपेट में आया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
इधर, चैतन की मौत की खबर जैसे ही हाइतिरूल गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।





